पटना: खान ग्लोबल स्टडीज फायरिंग मामले में फैजल खान की अग्रिम जमानत याचिका दाखिल
Patna: Anticipatory bail plea filed by Faisal Khan
Patna: Anticipatory bail plea filed by Faisal Khan, खान ग्लोबल स्टडीज में हुई फायरिंग और बवाल के मामले में सोमवार को महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आ सकता है।
संस्थान के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका आज पटना सिविल कोर्ट में दाखिल की गई है। इसपर मंगलवार को सुनवाई होगी।
वहीं, इस मामले में गिरफ्तार उनके दो सुरक्षा गार्डों की जमानत याचिका पर भी सुनवाई कर आदेश सुरक्षित रख लिया गया है।
बताया जाता है कि ज्ञान बिंदु के वकील ने इरादतन गोली चलाने की बात कहते हुए जमानत का विरोध किया है। खान सर के अधिवक्ता ने शनिवार को अग्रिम जमानत के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी की थी।
दूसरी ओर, चार दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक खान सर तक नहीं पहुंच सकी है। उनके ठिकाने को लेकर लगातार अटकलें लग रही हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर पुलिस ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।
सरेंडर की चर्चा, वकील ने किया खारिज
शनिवार को पूरे दिन पटना सिविल कोर्ट परिसर में खान सर के आत्मसमर्पण की चर्चा रही। हालांकि, उनके अधिवक्ता अरविंद कुमार मौआर ने इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि उनके मुवक्किल के सरेंडर का कोई सवाल ही नहीं उठता। वकील का दावा है कि खान सर को साजिश के तहत मामले में फंसाया गया है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उनका पक्ष अदालत के समक्ष रखा जाएगा।
गार्डों के बयान के बाद बढ़ी मुश्किलें
फायरिंग मामले में गिरफ्तार खान सर के दो सुरक्षा गार्डों ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर दो-दो राउंड फायरिंग की थी।
गार्डों के इस बयान के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिकी में फैजल खान का नाम भी जोड़ दिया। इसी के बाद से उनकी गिरफ्तारी की संभावना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कोचिंग और अस्पताल को मिला नोटिस
इधर, प्रशासनिक स्तर पर भी खान ग्लोबल स्टडीज की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। एक दिन पहले संस्थान और उससे जुड़े अस्पताल परिसर में फायर सेफ्टी ऑडिट किया गया था।
जांच के दौरान कई खामियां सामने आने के बाद संबंधित प्रबंधन को एक सप्ताह का समय दिया गया है। फायर विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 जून तक आवश्यक सुधार नहीं किए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले ही जेल जा चुके हैं रौशन आनंद
गौरतलब है कि 2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में हुए बवाल के बाद ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रौशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
खान सर के दो गार्ड भी फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गार्डों के बयान पर पुलिस ने एफआईआर में खान सर का नाम जोड़ा था।
छात्र नेता ने उठाए सवाल
इस पूरे घटनाक्रम पर छात्र नेता दिलीप कुमार ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ता विवाद और फायरिंग जैसी घटनाएं राज्य की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं।
उन्होंने दोनों पक्षों से विवाद समाप्त करने की अपील करते हुए सवाल उठाया कि जब रौशन आनंद की गिरफ्तारी हो सकती है तो खान सर के मामले में अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
फिलहाल, सबकी नजर पटना सिविल कोर्ट में होने वाली सुनवाई और पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। अग्रिम जमानत याचिका दाखिल होने के बाद मामले की कानूनी दिशा काफी हद तक स्पष्ट हो सकती है।