पुष्कर में राहुल गांधी का संगठन पर फोकस, बोले- पार्टी में बदलाव चाहता हूं
Rahul Gandhi's focus on organization in Pushkar
Rahul Gandhi's focus on organization in Pushkar : कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर का पुष्कर में समापन हुआ. इस दौरान राहुल गांधी पुष्कर पहुंचे. उन्होंने नेताओं और पदाधिकारियों से संवाद किया. शिविर में राहुल गांधी के सभी जिलाध्यक्षों के साथ दो सेशन हुए. इस दौरान उन्होंने पार्टी के संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया. वहीं, जिलाध्यक्षों से बातचीत में दौरान राहुल गांधी ने कई अहम बातों की ओर इशारा किया. जानकारी के मुताबिक, पार्टी में कुर्सी की खींचतान की ओर ईशारा करते हुए उन्होंने जिलाध्यक्षों से कहा कि मैं पार्टी में जो चल रहा है, उसे बदलना चाहता हूं. उन्होंने कहा कि पार्टी में कई लोग मेरे भी विरोधी है. दुश्मन है. मैं चाहूं तो कुछ कर सकता हूं. लेकिन यह हमारी कांग्रेस की विचारधारा नहीं है.
तस्वीरों की चर्चा
राहुल गांधी विशेष विमान से किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे. इसके बाद यहां से वे सड़क मार्ग से पुष्कर स्थित रिजॉर्ट में पहुंचे. इस दौरान कांग्रेस नेताओं के साथ एयरपोर्ट पर उनकी मुलाकात खूब चर्चा में रही. सोशल मीडिया पर अशोक गहलोत, सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली के साथ उनकी मुलाकात की तस्वीरों के जमकर सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. राजस्थान कांग्रेस की गुटबाजी और शक्ति के संतुलन को लेकर राजनीतिक हलकों में खूब चर्चा है.

डोटासरा और जूली को शाबासी
अशोक गहलोत किशनगढ़ से सीधा जयपुर रवाना हुए तो सचिन पायलट, गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली शिविर में उनके साथ ही रहे. किशनगढ़ एयरपोर्ट पर डोटासरा और जूली की जोड़ी को उनकी शाबाशी भी मिली. राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष मिलकर अच्छा काम कर रहे हैं. ये दूसरे राज्यों के लिए भी उदाहरण है.
वहीं, दूसरी ओर कार्यक्रम के दौरान सचिन पायलट, सीपी जोशी, दिव्या मदेरणा, हरीश चौधरी और धीरज गुर्जर ने काफी देर बैठकर चाय पर चर्चा भी की.
सूत्रों के मुताबिक, इस दौरे के दौरान राहुल गांधी ने राजस्थान प्रभारी सुरजिंदर सिंह रंधावा से काफी देर चर्चा की. माना जा रहा है कि इस दौरान राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर भी चर्चा हुई. वहीं, आगे आने वाले दिनों में कांग्रेस के आंदोलनों के मुद्दों को लेकर भी जिलाध्यक्षों से राहुल ने चर्चा की.