फिरोजपुर-फाजिल्का रोड हादसा: प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, पीड़ितों के लिए PMNRF से आर्थिक मदद की घोषणा
Ferozepur-Fazilka road accident
फिरोजपुर। Ferozepur-Fazilka road accident, पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं भेजी हैं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है।
PMNRF से आर्थिक मदद की घोषणा
पीएमओ द्वारा जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों (वारिसों) को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (मुआवजा) देने की घोषणा की है। इसके साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
शनिवार को हुआ हादसा
गौरतलब है कि शनिवार को फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। जलालाबाद से ब्यास जा रही एक मालवाहक पिकअप गाड़ी को नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से 'डबल डेकर' बनाया गया था, जिसमें करीब 30 लोग सवार थे। तेज रफ्तार पिकअप की सामने से आ रहे एक ट्राले के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप के ऊपरी हिस्से में बैठे लोग हवा में उछलकर सीधे ट्राले के केबिन में जा घुसे। इस दिल दहला देने वाले हादसे में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पंजाब के फिरोजपुर जिले में हुई दुर्घटना की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।