अमृतपाल मामले में CM भगवंत मान का सख्त निर्देश; अफसर तय करें- किसी भी निर्दोष पर कार्रवाई न हो, IG बोले- बहकावे में आए लोगों को छोड़ेंगे

Punjab Police IG Press Conference on Amritpal

Punjab Police IG Press Conference on Amritpal: खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे संगठन का प्रमुख अमृतपाल अब पंजाब से बाहर जा चुका है। पंजाब पुलिस के आईजी सुखचैन सिंह गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, अमृतपाल पंजाब से भागकर 19 मार्च की रात हरियाणा के शाहबाद पहुंचा और यहां एक महिला के घर पर शरण ली।

आईजी ने कहा कि, अमृतपाल को शरण देने वाली महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताक्ष जारी है। वहीं अमृतपाल के पंजाब से बाहर जाने पर आसपास के राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमाओं पर चेकिंग तेज कर दी गई है। अमृतपाल को पकड़ने में पंजाब पुलिस को सभी राज्यों का सहयोग मिल रहा है।

आईजी ने कहा कि, अमृतपाल को पकड़ने के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा। पुलिस अमृतपाल के करीब है। आपको बतादें कि, अमृतपाल पर NSA लगा दिया गया है। अमृतपाल पर NSA की कार्रवाई 18 मार्च को ही हो गई थी। साथ ही अमृतपाल के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है।

अब तक 207 लोग पकड़े

आईजी सुखचैन सिंह गिल ने जानकारी दी कि, अमृतपाल और वारिस पंजाब दे संगठन के खिलाफ पंजाब पुलिस के ऑपरेशन में अब तक 207 लोग पकड़े गए हैं. जिनमें से अब तक 30 लोगों को क्रिमिनल एक्टिविटी के चलते हार्डकोर आरोपियों की श्रेणी में रख इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। आईजी ने बताया कि, मुख्य आरोपी अमृतपाल सहित अन्य पर अब तक कुल 8 एफआईआर दर्ज की गई हैं।

पूरे ऑपरेशन पर सीएम मान की करीब से नजर

आईजी सुखचैन सिंह गिल ने कहा कि, इस पूरे ऑपरेशन पर पंजाब के सीएम भगवंत मान करीब से नजर बनाए हुए हैं। सीएम मान अफसरों से पल-पल की खबर ले रहे हैं। साथ ही उनकी हिदायत है और सख्त निर्देश हैं कि, इस ऑपरेशन में यह तय किया जाए कि कोई भी बेकसूर न फंसे। उसे सजा न मिले। उसपर कार्रवाई न हो।

स्क्रीनिंग के बाद बहकावे में आए लोगों को छोड़ेंगे

आईजी गिल ने कहा कि, सीएम के निर्देशानुसार अमृतपाल और वारिस पंजाब दे संगठन के खिलाफ ऑपरेशन में हम यह जरूर तय करेंगे कि निर्दोषों पर कारर्वाई न हो। जो बहकावे में आ गए, जिन्हें सही से चीजें पता नहीं हैं। उनकी स्क्रीनिंग कराई जाएगी और उनके वैरिफिकेशन के बाद हम उन्हें चेतावनी देने के साथ रिलीज कर देंगे। आईजी गिल ने बताया कि, 30 गिरफ्तारियों के अलावा अन्य 177 को पुलिस ने हिरासत में रखा है।

पंजाब में हालात कंट्रोल में

वहीं गिल ने कहा कि, पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बीच राज्य में शांति है, स्थिति स्थिर है, कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी है। पंजाब के सभी जिलों में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। पंजाब पुलिस किसी भी हाल में राज्य में शांति और सौहार्द को खराब नहीं होने देगी।

अमृतपाल पर अन्य अपडेट्स

अमृतपाल AKF फौज बना रहा था

अमृतपाल AKF फौज बना रहा था। AKF का पूरा नाम  'आनंदपुर खालसा फोर्स' है। पुलिस को उसके घर और उसके साथियों से बरामद हथियारों पर AKF लिखा मिला है। साथ ही बुलेटप्रूफ जैकेट भी बरामद हुई हैं। अमृतपाल के खिलाफ कार्रवाई में भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं।

ISI कनेक्शन और विदेशी फंडिंग के बाद खातों की जांच

बताया जा रहा है कि, अमृतपाल और ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के ISI कनेक्शन और विदेशी फंडिंग के तथ्य सामने आने के बाद उन तमाम खातों की जांच की जा रही है। जिनसे अमृतपाल और उसके संगठन के पास पैसे पहुंच रहे थे।
 

अमृतपाल ने भेष बदला- पंजाब पुलिस के IG सुखचैन सिंह गिल बोले- गुरूद्वारे जाकर पैंट-शर्ट डाली, फिर बाइक पर हो गया फरार