मोगा में छात्राओं से कथित गलत व्यवहार पर शिक्षक निलंबित, शिक्षा मंत्री के सख्त निर्देश
- By Gaurav --
- Friday, 24 Jul, 2026
Punjab Teacher Suspended Over
मोगा: छात्राओं द्वारा कथित गलत व्यवहार और धमकी देने की शिकायत के बाद पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग ने मोगा जिले के गांव मोठांवाली स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में तैनात सामाजिक शिक्षा अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी), मोगा की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई।
शिकायत के अनुसार, छठी और आठवीं कक्षा की छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षक ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया और उन्हें कथित तौर पर धमकी दी कि यदि उन्होंने इस बारे में किसी को बताया तो उन्हें परीक्षा में फेल कर दिया जाएगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे की सुरक्षा, सम्मान और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार बच्चों को नुकसान पहुंचाने या अपने पद का दुरुपयोग करने वाले किसी भी शिक्षक के प्रति शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति अपनाती है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि मामले की समयबद्ध जांच के आदेश दिए गए हैं और आरोप सिद्ध होने पर संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तुरंत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विभाग के आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक को सेवा नियमों के तहत गुजारा भत्ता मिलेगा। साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी), मोगा का कार्यालय उसका मुख्यालय निर्धारित किया गया है, जहां उसे अगले आदेश तक प्रतिदिन अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।