Punjab Sacrilege Bill 2025: पंजाब विधानसभा में 'बेअदबी कानून' के लिए बिल पेश; CM मान ने कहा- यह मानवता का मसला

पंजाब विधानसभा में 'बेअदबी कानून' के लिए बिल पेश; CM भगवंत मान ने कहा- यह मानवता का मसला, विपक्ष ने चर्चा के लिए मांगा समय

Punjab Sacrilege Bill 2025 Introduced In Assembly Session CM Bhagwant Mann

Punjab Sacrilege Bill 2025 Introduced In Assembly Session CM Bhagwant Mann

Punjab Sacrilege Bill 2025: पंजाब विधानसभा के स्पेशल सेशन के तीसरे दिन आज सोमवार को 'धार्मिक बेअदबी' से जुड़े कानून का बिल पेश कर दिया गया. सीएम भगवंत मान ने 'बेअदबी कानून' के लिए बिल सदन में रखा और विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां से बिल पर विचार और चर्चा की बात कही। जिसके बाद स्पीकर ने बिल पर बोलने और चर्चा का समय तय किया।

हालांकि इस बीच विपक्ष के नेता प्रताप बाजवा ने मांग की कि, यह बिल एक गंभीर मसले पर है। इसलिए इसकी तैयारी और इस पर विचार और चर्चा के लिए आज का समय दिया जाये। कल सुबह सदन में इस पर चर्चा कराई जाए। इस पर बाद में सीएम भगवंत मान ने भी सहमति जताई। लेकिन सीएम मान ने बिल पर चर्चा के लिए समय मांगने पर बाजवा पर निशाना भी साधा।

CM भगवंत मान ने कहा- यह मानवता का मसला

सीएम भगवंत मान ने कहा कि, यह एक बड़ा गंभीर मसला है और इस पर बनने वाला कानून का असर सदियों तक दिखने वाला है। प्रताप बाजवा की मांग पर सीएम मान ने कहा कि, मैं थोड़ा सा हैरान हूं कि आज तक इस मसले पर उनके पास होम वर्क ही नहीं है। 2015 से लगातार बेअदबी की घटनायें हो रहीं हैं। मतलब, अब इस पर चर्चा के लिए तैयारी चाहिए।

सीएम मान ने कहा कि, फिर भी कोई बात नहीं अगर तैयारी करनी है तो तैयारी करके आ जाओ। लेकिन कृपया करके यह ध्यान रहे कि ये न मेरा मसला है और न ही आपका। यह मसला समूची मानवता का मसला है। सीएम मान ने कहा कि, इसलिए मुझे यह पता है कि, इस पर तैयारी विरोध में तो नहीं हो पाएगी। इसके विरोध में तो बोल नहीं सकते। क्योंकि यह सबका कानून है।

सीएम मान ने कहा कि, हम सब गुरु ग्रंथ साहिब, भगवद गीता और जितने भी पवित्र धार्मिक ग्रंथ हैं। उन सबको मानने वाले बंदे हैं। हम सरबत द भला चाहते हैं। बता दें कि, पंजाब पवित्र धार्मिक ग्रंथों के विरुद्ध अपराधों पर रोकथाम के लिए यह बिल लाया जा रहा है। विधानसभा में बिल पेश करने से पहले पंजाब कैबिनेट की मीटिंग हुई थी। जिसमें बिल को पेश करने की मंजूरी दी गई।

ज्ञात रहे कि लंबे समय से पंजाब में बेअदबी के खिलाफ कानून बनाने की मांग होती रही है। यानि बेअदबी के खिलाफ लंबे समय से यह कानून प्रतीक्षित है। सीएम भगवंत मान ने खुद पिछले दिनों बेअदबी के खिलाफ कानून बनाए जाने की बात कही थी। जिससे यह माना जाना लगा था कि बेअदबी के मामलों को लेकर सरकार गंभीर है।