PRTC Chandigarh Depot Strike Continues

पीआरटीसी चंडीगढ़ डिपो की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, 250 बसें बंद, यात्री परेशान

punjab rodways

PRTC Chandigarh Depot Strike Continues

पंजाब रोडवेज ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) के चंडीगढ़ डिपो में शुरू हुई कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। अधिकारियों और यूनियन के बीच हुई वार्ता में कोई ठोस समाधान नहीं निकलने के कारण हड़ताल के तीसरे दिन भी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

हड़ताल के चलते करीब 250 बसों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई प्रमुख रूटों पर बस सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को वैकल्पिक परिवहन का सहारा लेना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ डिपो के एक कंडक्टर पर अड्डा शुल्क (अड्डा फीस) समय पर जमा नहीं कराने का आरोप लगाया गया था। विभागीय अधिकारियों ने कथित तौर पर उसका पक्ष सुने बिना ही अनुबंध समाप्त कर उसे ड्यूटी से हटा दिया।

इस कार्रवाई के विरोध में पीआरटीसी चंडीगढ़ डिपो यूनियन ने मोर्चा खोल दिया। यूनियन के नेता रणजीत बावा और अन्य प्रतिनिधियों ने अधिकारियों से बातचीत कर कंडक्टर को दोबारा ड्यूटी पर बहाल करने की मांग की, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी।

इसके बाद यूनियन ने मंगलवार दोपहर से चंडीगढ़ डिपो की बसों का चक्का जाम कर दिया। फिलहाल हड़ताल जारी है और यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।