आज काशी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हजारों करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

आज काशी दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हजारों करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Prime Minister Narendra Modi on a visit to Kashi

Prime Minister Narendra Modi on a visit to Kashi

Prime Minister Narendra Modi on a visit to Kashi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के प्रवास पर मंगलवार को काशी आ रहे हैं। यहां 6,332 करोड़ रुपये की 163 परियोजनाओं की सौगात देंगे। मंच से बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह बरेका इंटर कॉलेज मैदान में जनआक्रोश महिला सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का दो दिन में लगभग 20 घंटे का प्रवास होगा। 29 अप्रैल को वह बरेका से काशी विश्वनाथ मंदिर तक करीब 15 किमी की यात्रा कर लोगों से जुड़ने का प्रयास करेंगे।

एमएलसी एवं प्रदेश भाजपा सह प्रवक्ता धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक पांच माह के लंबे अंतराल के बाद प्रधानमंत्री का 54वां दौरा होने जा रहा है। हर बार की तरह मोदी एक बार फिर काशीवासियों की झोली में अरबों रुपये की सौगात देंगे। इनमें 1054.69 करोड़ की 50 योजनाओं का लोकार्पण और 5277.39 करोड़ की 113 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही बनास (अमूल) से जुड़े प्रदेश के लाखों दुग्ध उत्पादक किसानों को 105 करोड़ रुपये का बोनस भी ट्रांसफर भी करेंगे।

महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन पर करेंगे संवाद

बरेका इंटर कॉलेज मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 हजार से अधिक मातृशक्ति के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। खास यह कि सम्मेलन में मंच से गैलरी तक केवल महिलाओं की मौजूदगी रहेगी। महिला सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और समान अवसर जैसे मुद्दों पर मोदी उनसे संवाद करेंगे।

राज्यपाल, सीएम एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे अगवानी

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक मोदी दोपहर दो बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पर आएंगे। यहां उनकी अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ ही स्थानीय मंत्री तथा बीजेपी के वरिष्ठ पदाधिकारी करेंगे।

अयोध्या से मुंबई अमृत भारत का वर्चुअल उद्घाटन

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या से मुम्बई के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ पीएम मोदी वाराणसी से वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर करेंगे। यह ट्रेन अयोध्या धाम जंक्शन से शाम 04.45 बजे रवाना होगी।

अयोध्या से मुम्बई के बीच आधुनिक सुविधाओं से युक्त अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित रूप से (ट्रेन संख्या- 22111/22112) के रूप में परिचालन किया जाएगा। हालांकि अभी समय सारिणी और किराया नहीं तय हुआ है। मंगलवार को पहले फेरे में ट्रेन नंबर- 02212 अयोध्या धाम- लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत इनॉगरल स्पेशल के रूप में चलेगी। इस ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होगी।

इसमें बेहतर सीटिंग/बर्थ, एलईडी लाइटिंग, सीसीटीवी, सुधरी हुई हाइजीनिक टॉयलेट की सुविधा रहेगी। इस ट्रेन का ठहराव सुल्तानपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज, मानिकपुर, सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल, जलगांव, नासिक रोड, कल्याण, ठाणे होगा। ट्रेन में 22 कोच होंगे। यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से संचालित की जाएगी। ट्रेन लगभग 1500 किलोमीटर की दूरी 26 घंटे 20 मिनट में तय करेगी।