बिहार में 'सम्राट' की ताजपोशी की तैयारी? पटना में लगे पोस्टर, दिल्ली में जुटी दिग्गजों की टोली; नीतीश के बाद सम्राट चौधरी भी दिल्ली रवाना
Preparations Underway for 'Samrat's' Coronation in Bihar?
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों अगले मुख्यमंत्री को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। इस बीच गृह मंत्री सम्राट चौधरी का नाम सबसे प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है।
गुरुवार को एक ओर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्यता की प्रक्रिया के लिए दिल्ली रवाना हुए, वहीं सम्राट चौधरी के भी दोपहर 3:20 बजे की फ्लाइट से दिल्ली जाने की खबर ने सियासी सरगर्मी और बढ़ा दी है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर लगा था पोस्टर
इसी बीच पटना स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग को लेकर एक पोस्टर लगाए जाने से नया विवाद खड़ा हो गया।
पोस्टर में “बाल्मीकि समाज संघ” के नाम से अपील करते हुए ‘बिहार में हो सम्राट की सरकार’ की मांग की गई थी। हालांकि पोस्टर लगने के कुछ ही देर बाद वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे फाड़कर हटा दिया।
भाजपा की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह पोस्टर पार्टी द्वारा नहीं लगाया गया था और इसका पार्टी से कोई आधिकारिक संबंध नहीं है।
क्यों लगाया गया पोस्टर
पोस्टर पर सम्राट चौधरी के साथ राजेश कुमार बाल्मीकि की तस्वीर भी लगी थी, जिसके सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
अब सवाल उठ रहे हैं कि पोस्टर लगाने के पीछे मकसद क्या था—क्या यह किसी समर्थक की पहल थी या फिर सियासी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश?
फिलहाल पोस्टर हटाए जाने की घटना ने सम्राट चौधरी के नाम को लेकर चल रही चर्चा को और हवा दे दी है।