महराजगंज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां तेज, डीएम ने की समीक्षा बैठक
Preparations for Home Guard Recruitment Exam
महराजगंज। Preparations for Home Guard Recruitment Exam, 25, 26 व 27 अप्रैल को प्रस्तावित होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा–2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपंन कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार का कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पुलिस केंद्र प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने कि सभी अधिकारी पुलिस भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें और परीक्षा की पारदर्शिता व शुचिता सुनिश्चित करें।
जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों का परीक्षा से पूर्व अनिवार्य निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन जांच करने को कहा गया। किसी भी केंद्र पर कमी मिलने पर तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की मौजूदगी और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्रवेश द्वार के पास क्लाक रूम तथा कक्षों में दीवार घड़ी की व्यवस्था अनिवार्य की गई।
साथ ही केंद्रों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखने और किसी प्रकार की अवैध वसूली पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नकलविहीन परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुदृढ़ सुरक्षा व सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने परीक्षा प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि जिला प्रबंधक डॉ. दिवाकर सिंह ने बताया कि 11 केंद्रों पर तीन दिनों में छह पालियों में कुल 25,920 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पाली में 4,320 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी। प्रवेश परीक्षा से दो घंटे पहले शुरू होकर आधा घंटा पूर्व बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, बीएसए ऋद्धि पांडेय, जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, नायब तहसीलदार देश दीपक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।