पावरकॉम कर्मचारियों की हड़ताल चौथे दिन भी जारी, दो दिन और बढ़ा आंदोलन
- By Gaurav --
- Saturday, 25 Jul, 2026
Powercom Employees Extend
पी.एस.ई.बी. इम्प्लाइज ज्वाइंट फोरम, बिजली कर्मचारी एकता मंच, जे.ई. काउंसिल, ग्रिड सब-स्टेशन यूनियन, पावरकॉम एंड ट्रांसको यूनियन (एंटक) तथा पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से चल रही हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। इस बीच यूनियनों ने आंदोलन को और तेज करते हुए हड़ताल दो दिन और बढ़ाने की घोषणा कर दी है।
हड़ताल लंबी खिंचने से पावरकॉम प्रबंधन की चुनौतियां बढ़ गई हैं। बिजली आपूर्ति और आवश्यक सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग को वैकल्पिक व्यवस्थाओं का सहारा लेना पड़ रहा है।
चौथे दिन भी राज्य के विभिन्न पावरकॉम कार्यालयों में कर्मचारियों ने विभागीय प्रबंधन और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि उनकी लंबित मांगों को लेकर कई दौर की बैठकों और आश्वासनों के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिसके चलते उन्हें आंदोलन जारी रखने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
यूनियन नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार वार्ता होने के बावजूद केवल आश्वासन मिले हैं, जबकि मांगों के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार और विभागीय प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
यूनियनों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द बातचीत के जरिए समाधान निकालेगी।
उपभोक्ताओं को हो रही परेशानी
हड़ताल का असर आम उपभोक्ताओं पर भी साफ दिखाई दे रहा है। विभिन्न डिवीजन कार्यालयों में बिजली बिल जमा कराने, नए बिजली कनेक्शन लेने, लोड बढ़वाने, शिकायतों के निस्तारण और अन्य बिजली संबंधी कार्यों के लिए पहुंचे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीमित स्टाफ के कारण कई स्थानों पर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि कई उपभोक्ताओं को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा।