Political Buzz in Rewari:

रेवाड़ी में सियासी हलचल: CM सैनी पहुंचे रामपुरा हाउस, राव इंद्रजीत से मुलाकात बनी चर्चा का केंद्र

pp

Political Buzz in Rewari:

हरियाणा की राजनीति में शनिवार को एक अहम घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रेवाड़ी स्थित रामपुरा हाउस पहुंचे और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने साथ बैठकर लंच किया और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा की।

यह मुलाकात इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि वर्ष 2014 से अब तक भाजपा शासनकाल में यह पहला अवसर है, जब कोई मुख्यमंत्री रामपुरा हाउस पहुंचा है। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर कई बार रेवाड़ी आए, लेकिन उन्होंने यहां जाकर राव इंद्रजीत से मुलाकात नहीं की थी।

रामपुरा हाउस को अहीरवाल क्षेत्र की राजनीति का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यह स्थान राव इंद्रजीत के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेंद्र सिंह के समय से ही सियासी गतिविधियों का अहम केंद्र रहा है। यहां देश की कई बड़ी हस्तियां जैसे इंदिरा गांधी, प्रताप सिंह कैरों, देवी लाल और भूपिंदर सिंह हुड्डा भी आ चुकी हैं।

इस मौके की एक और खास बात यह रही कि कार्यक्रम में राव इंद्रजीत और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह लंबे समय बाद रेवाड़ी में एक ही मंच पर नजर आए। आमतौर पर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक मतभेद की चर्चा रहती है।

बता दें कि यह कार्यक्रम महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था, लेकिन निकाय चुनावों की घोषणा के बाद यह आयोजन एक तरह से चुनावी सभा में तब्दील हो गया, जिससे इसकी राजनीतिक अहमियत और बढ़ गई है।