लखनऊ अग्निकांड: 48 घंटे बाद भी 'सस्पेंस' बरकरार; हादसे या साजिश के बीच उलझी पुलिस, 2 मासूमों की मौत
Police Grapple with Whether It Was an Accident or a Conspiracy—2 Innocents Dead.
लखनऊ। विकास नगर सेक्टर 12 की झुग्गी झोपड़ियों में आग लगने का कारण दो दिन बाद भी स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस हादसे के साथ ही साजिश के बिंदु पर जांच कर रही है। बता दें कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए थे। पुलिस विभिन्न माध्यमों से घटना के कारण तलाशने में जुटी है।
सेक्टर 12 स्थित मिनी स्टेडियम के सामने बुधवार की शाम अज्ञात कारणों के चलते झुग्गी झोपड़ियों में आग लग गई। चपेट में आने से बड़ी संख्या में झोपड़ियां और उनमें रखी लोगों की गृहस्थी, नकदी और जेवर जल गई। कई मवेशी और अन्य जानवर भी जल गए। घटना में दो बच्चों की भी जलने से मौत हो गई। इनके शव गुरुवार की सुबह बरामद हुए।
हालांकि दो दिन बाद भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग कैसे लगी। कुछ लोगों का कहना है कि साजिशन आग लगाई गई। कुछ लोग झोपड़ी के पास जलने वाले कूड़े से आग की आशंका जता रहे हैं। पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। गाजीपुर सर्किल के एसीपी ए विक्रम सिंह ने बताया कि लोगों के बयान और अन्य माध्यमों से आग लगने के कारण पता किए जा रहे हैं।
एहतियात के तौर पर पुलिस तैनात: हादसे के बाद घटनास्थल पर एहतियात के तौर पर पुलिस की एक टीम को तैनात किया गया है। एसीपी के मुताबिक किसी प्रकार से कानून एवं व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े इसलिए पुलिस को निगरानी के लिए तैनात किया गया है।