PM Modi Himachal Visit: PM मोदी का हिमाचल के लिए बड़ा ऐलान; 1500 करोड़ का राहत पैकेज किया जारी, केंद्र से मृतकों को 2 लाख

PM मोदी का हिमाचल के लिए बड़ा ऐलान; 1500 करोड़ का राहत पैकेज मिलेगा, केंद्र से आपदा मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये

PM Modi Visit Flood Affected Himachal Announced Rs 1500 Crore Relief Package

PM Modi Visit Flood Affected Himachal Announced Rs 1500 Crore Relief Package

PM Modi Himachal Visit: भारी बारिश, बादल फटने और बाढ़-भूस्खलन से हिमाचल प्रदेश को इस बार जान-माल का बड़ा नुकसान हुआ है। कुदरत के इस कहर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी जान गवां दी। कइयों के बसेरे उजड़ गए। वहीं तबाही के इस दौर के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल का दौरा किया है और साथ ही आपदा ग्रस्त प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया है। जल्द ही ये राशि केंद्र की तरफ से हिमाचल को जारी की जाएगी।

बता दें कि, पीएम मोदी ने आज सोमवार दोपहर सबसे पहले हिमाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कांगड़ा में एक आधिकारिक समीक्षा बैठक की और नुकसान की विस्तृत जानकारी ली. साथ ही प्रदेश और पीड़ितो को इस आपदा से उभारने और राहत-पुनर्वास उपायों पर चर्चा भी की। पीएम को आपदा से पैदा हुई स्थिति को लेकर प्रेजेंटेशन दी गई। इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

NDRF-SDRF जवानों से मिले PM

वहीं प्रधानमंत्री मोदी आपदा में रक्षक बने एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ जवानों से भी मिले। साथ ही भारी बाढ़ और लैंडस्लाइड से प्रभावित कुछ लोगों से बातचीत भी की। पीएम मोदी ने कहा कि, लोगों की पीड़ा के साथ ही त्रासदी से हुआ नुकसान मन को व्यथित करने वाला है। खराब मौसम का संकट झेल रहे हर व्यक्ति तक राहत और सहायता पहुंचे, इसके लिए केंद्र सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

केंद्र से आपदा मृतकों के परिजनों को 2 लाख

प्रधानमंत्री मोदी ने जहां हिमाचल प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का ऐलान किया तो तो वहीं उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गवाने वाले मृतकों के परिजनों को केंद्र की तरफ से 2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की भी घोषणा की। साथ ही पीएम मोदी ने मृतकों के लिए उनके परिजनों से संवेदना व्यक्त की। पीएम ने कहा कि, राज्य में आई बाढ़ और लैंडस्लाइड में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।

हिमाचल को हर संभव मदद दी जाएगी

वहीं पीएम मोदी ने ऐलान किया कि केंद्र मौजूदा चुनौती से निपटने में राज्य सरकार के साथ मिलकर काम करेगा। हिमाचल को दोबारा उसी ढांचे पर लाने और पुनः निर्माण के लिए हर संभव मदद दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवासों के निर्माण को मंजूरी, राष्ट्रीय राजमार्गों का जीर्णोद्धार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष और केंद्र के तहत राहत के लिए जो भी किया जा सकता है। वो सब कुछ किया जाएगा।

नुकसान का शुरुआती अनुमान 5 हजार करोड़- CM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री मोदी के हिमाचल दौरे पर कहा, "हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी के सामने एक प्रेजेंटेशन दिया, यह दिल्ली के अधिकारियों, भाजपा सांसदों, विपक्ष के नेता, हमारे उपमुख्यमंत्री और सभी की मौजूदगी में किया गया। हमने उन्हें वास्तविक स्थिति के बारे में बताया। हमने प्रधानमंत्री से हमें एक विशेष राहत पैकेज देने के लिए कहा, क्योंकि नुकसान का हमारा शुरुआती अनुमान अब तक लगभग 5 हजार करोड़ है और यह 10-12 हजार करोड़ तक जा सकता है।''

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आगे कहा, ''पीएम के साथ केंद्रीय टीमें भी आई थीं। पीएम और उन्होंने हमारी बात को गंभीरता से समझा। प्रधानमंत्री ने हमें आश्वासन दिया है कि वे हमें फौरी राहत के रूप में 1500 करोड़ देंगे, यह देखना होगा कि 1500 करोड़ विशेष राहत पैकेज के तहत आता है या योजना आधारित। सीएम ने कहा कि हिमाचल को बहुत भारी नुकसान हुआ है।''

पूर्व CM ने कहा- हिमाचल को बहुत बड़ी मदद

हिमाचल प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी के हिमाचल दौरे पर कहा, "मैं प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद करता हूं कि आपदा की इस घड़ी में उन्होंने हिमाचल को बहुत बड़ी मदद दी है, वे पीड़ितों से भी मिले हैं और हिमाचल के लिए 1500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा की है, इससे हिमाचल को बहुत मदद मिलेगी. ये बहुत बड़ी बात है। उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से विस्तार से बात की, उन्होंने कहा कि वे इस क्षति में हिमाचल के साथ हैं।

वहीं हिमाचल से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं, उन्होंने बाढ़ पीड़ितों का दर्द सुना, पीड़ित परिवारों की मदद की, प्रधानमंत्री ने हिमाचल के लिए 1500 करोड़ की बड़ी राहत की घोषणा की है। मैं हिमाचल की जनता की ओर से उनका धन्यवाद और आभार व्यक्त करता हूं। पिछले 10 वर्षों में UPA की तुलना में SDRF को 3 गुना अधिक पैसा दिया गया, NDRF को 5 गुना अधिक पैसा दिया गया। आपदा की घड़ी में प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल के साथ खड़े रहे।"

मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कहा, "प्रधानमंत्री ने हिमाचल का हवाई सर्वेक्षण किया जिसके बाद उन्होंने प्रत्येक क्षेत्र का व्यक्तिगत रूप से विश्लेषण किया और उन्हें एक प्रेजेंटेशन भी दिया गया। उन्होंने प्रभावित लोगों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने दौरे के माध्यम से स्पष्ट कर दिया कि आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार और भारत सरकार एक हैं और वह हिमाचल के साथ खड़े हैं। लोगों से बात करते समय उनकी आंखों में आंसू थे। उन्होंने एक विशेष पैकेज की भी बात की। हम प्रधानमंत्री के बहुत आभारी हैं।"