सड़क के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की दो महिला पार्षद आमने-सामने; एक ने रास्ता बंद करने का किया समर्थन, दूसरी धरने पर बैठी

Two Aam Aadmi Party Women Councillors

Two Aam Aadmi Party Women Councillors

चंडीगढ़, 6 फरवरी: Two Aam Aadmi Party Women Councillors: सेक्टर 33 और 45 को जोड़ने वाली डिवाइडिंग रोड को बंद करने के मामले ने उस वक्त एक नया मोड़ ले लिया, जब इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) की ही दो महिला पार्षदों के विचार बिल्कुल अलग-अलग नजर आए। एक ही पार्टी से संबंधित होने के बावजूद, सड़क बंद करने के फैसले पर दोनों नेताओं ने विरोधी स्टैंड लिया है।
मामले में दिलचस्प पहलू यह है कि 'आप' पार्षद अंजू कत्याल ने सड़क पर डिवाइडर लगवाने और रास्ता बंद करवाने के प्रशासनिक कदम का समर्थन किया है। गौरतलब है कि उनकी ओर से पहले भी इस रास्ते पर डिवाइडर स्थापित करवाने के प्रयास किए गए थे।
मामले के संबंध में अंजू कत्याल ने बातचीत करते हुए कहा कि इस सड़क पर डिवाइडर बनाने की मांग को लेकर साल 2020 से उनके वार्ड निवासी और रेजिडेंट वेलफेयर के प्रतिनिधि उनके पास आ रहे थे। कत्याल ने बताया कि डिवाइडर के बिना इस सड़क पर सुबह-शाम इधर-उधर क्रॉस कर रहे बुजुर्गों और बच्चों को जहां भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, वहीं लाइटों के कारण बड़े-बड़े ट्रैफिक जाम भी देखने को मिलते हैं, जिस कारण उनके वार्ड वासियों को लगातार मुश्किलों और समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिसे मुख्य रखते हुए कत्याल ने इस सड़क पर डिवाइडर बनाने की मांग का पुरजोर समर्थन किया।
इसके बिल्कुल विपरीत, 'आप' पार्षद प्रेम लता ने सड़क बंद करने का सख्त विरोध किया और स्थानीय लोगों के हक में आवाज बुलंद करते हुए वहीं धरने पर जा बैठीं। प्रेम लता ने स्पष्ट किया कि जनता ने उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, इसलिए जहां भी लोगों के साथ धक्का (अन्याय) होगा, वह अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनता के साथ खड़ी रहेंगी।
एक ही मसले पर दो पार्षदों के इस टकराव ने पार्टी नेतृत्व को भी असहज स्थिति में डाल दिया है।