सोनीपत में जानलेवा चाइनीज मांझे पर बैन; डिप्टी कमिश्नर ने स्टोरेज, बिक्री-खरीद व इस्तेमाल पर लगाई रोक, कहा- यह बेहद खतरनाक
Chinese Manjha Ban in Sonipat Haryana Due To Deaths District Magistrate
Chinese Manjha in Sonipat: उत्तर प्रदेश के बाद अब हरियाणा के सोनीपत में जानलेवा चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। यानि जिले में चाइनीज मांझे पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इस संबंध में सोनीपत डिप्टी कमिश्नर सुशील सारवान ने आदेश जारी कहा है कि जिले में चाइनीज मांझे के स्टोरेज, बिक्री, खरीद व इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। क्योंकि चाइनीज मांझा पक्षियों व सम्पूर्ण मानव जाति के लिए खतरनाक और जानलेवा है। सोनीपत प्रशासन का यह कदम बेहद जरूरी व स्वागत योग्य है। इसी तरह की कार्रवाई होगी तो लोगों की जान बच सकेगी।
यूपी में चाइनीज मांझे से मौत अब 'हत्या'
ज्ञात रहे कि एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने कहा था कि राज्य में चाइनीज मांझे से मौत को 'हत्या' माना जाएगा। चाइनीज मांझे से मौतों को देखते हुए यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भड़क उठे थे। उन्होंने अफसरों से सख्त लहजे में पूछा था की राज्य में प्रतिबंधित होने के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री कैसे हो रही है? CM योगी का अफसरों को आदेश दिया कि चाइनीज मांझे की उपलब्धता, बिक्री और इसके इस्तेमाल पर तत्काल प्रभावी रोक लगाई जाए। सीएम ने इस संबंध में पुलिस अफसरों को पूरे राज्य में जिलेवार छापेमारी करने को कहा था। पूरे राज्य में की पुलिस अफसरों द्वारा की गई कार्रवाई की उच्च स्तर पर समीक्षा भी की जाएगी।
तड़प-तड़पकर मरते हैं लोग
दरअसल पतंग उड़ाने में इस्तेमाल किए जा रहे चाइनीज मांझे से अब तक कई लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है। चलते-फिरते अचानक चाइनीज मांझा गले पर आकर फंसता है और गला को रेतकर रख देता है। जिससे खून इतना ज्यादा बह जाता है की व्यक्ति की तड़प-तड़पकर मौत हो जाती है। बता दें कि अब तक देश के कई हिस्सों में चाइनीज मांझे से लोगों की मौत हुई है। यह एक बड़ी संख्या है और यह दर्दनाक सिलसिला अभी थम नहीं रहा है।