PM Modi on Congress: 'पहले से नंगे हो, फिर कपड़े क्यों उतारे...' PM मोदी का कांग्रेस पर फूटा गुस्सा, कहा- यह पार्टी दरिद्र हो गई है

'पहले से नंगे हो, फिर कपड़े क्यों उतारे...' PM मोदी का कांग्रेस पर फूटा गुस्सा, सरेआम भड़कते हुए कहा- यह पार्टी दरिद्र हो गई है

PM Modi Slams Congress Over Protest In India AI Impact Summit Delhi

PM Modi Slams Congress Over Protest In India AI Impact Summit Delhi

PM Modi on Congress: हाल ही में दिल्ली के भारत मंडपम में वैश्विक स्तर पर आयोजित 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' में यूथ कांग्रेस के नेताओं ने टॉपलेस (अर्धनग्न) होकर प्रदर्शन किया था। देश के लोगों ने भी इस प्रदर्शन की निंदा की और इसे देश का नाम खराब करना बताया। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस प्रदर्शन में शामिल नेताओं पर कड़ी कार्रवाई कर रही है। वहीं अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर सीधा और बड़ा हमला बोला है। पीएम मोदी कांग्रेस पर बुरी तरह भड़कते नजर आये हैं। मेरठ पहुंचे पीएम मोदी ने जनसभा सम्बोधन के दौरान कांग्रेस को दरिद्र और नंगा बताया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। जिसके लिए आज पूरे देश में कांग्रेस की थू-थू हो रही है।

पहले से नंगे, फिर कपड़े क्यों उतारे?

दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक तरफ आज देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए काम कर रहे हैं लेकिन देश में ही कुछ राजनैतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे। सभी ने देखा की भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI सम्मेलन हुआ, दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के करीब 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष भारत आए। दुनिया के विकासशील  देशों में ऐसा सम्मेलन कभी नहीं हुआ। जिसके चलते पूरा देश गर्व से भर गया लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने क्या किया?  कांग्रेस ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों  के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतारकर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों को पूछता हूं की देश तो जानता ही है की आप पहले से नंगे हो। फि कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी?''

कांग्रेस कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई

पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने नेताओं ने AI समिट में जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी वैचारिक रूप से कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है। पीएम ने कहा कि हम तो वो लोग हैं कि जब हमारे गांव में शादी-विवाह का भी कोई कार्यक्रम होता है तो पूरा गांव उसे सफल बनाने में जुट जाता है. ताकि बाहर से आए मेहमान गांव की एक अच्छी छवि लेकर जायें। मगर कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।"

यह भाजपा का समारोह नहीं था

मोदी ने आगे कहा, "कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है, ये मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को गाली देने से इन्हें कोई परहेज़ नहीं है, उन्हें भाजपा, NDA से विरोध है, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि AI ग्लोबल समिट यह भाजपा का समारोह नहीं था और न ही भाजपा का कोई नेता वहां मौजूद था। यह देश का, देश के सम्मान का कार्यक्रम था लेकिन कांग्रेस ने परसो सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है लेकिन दुर्भाग्य देखिए इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने की बजाय गाजते हैं। देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा कर रहे हैं।"

दुनिया के लोगों में आज भारत के प्रति आस्था

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आप आजकल देख रहे हैं कि दुनिया के लोगों के मन में भारत के प्रति कितनी आस्था है। दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। एक समय था जब कांग्रेस की सरकार चाह कर भी विकसित देशों के साथ समझौते नहीं कर पाती थी क्योंकि तब घोटालों के लिए बदनाम कांग्रेस सरकार से समझौते करने में दुनिया को हिचक होती थी लेकिन आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं। आज दुनिया को लगता है कि भारत वह ताकत है जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकता है।"

बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मेरठ में करीब 12,930 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। पीएम ने यहां 'नमो भारत रैपिड रेल' और 'मेट्रो सेवा' का साथ-साथ शुभारंभ किया है। पीएम मोदी ने कहा कि "बाबा औघड़नाथ की इस पावन धरती पर आज विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के लिए नई क्रांति को ऊर्जा मिल रही है। आज पहली बार एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी यह उसकी एक शानदार झांकी है। शहर के भीतर के लिए मेट्रो और ट्वीन सिटी के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन का काम हुआ है।"

2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार था धीमा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत धीमी गति से हो रहा था। कांग्रेस के शासन में देश के सिर्फ 5 शहरों में ही मेट्रो चल पाई जबकि आज भाजपा सरकार में देश के 25 से ज्यादा शहरों में मेट्रो चलने लगी है। आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा बड़ा नेटवर्क बन चुका है।'' पीएम ने आगे कहा कि "कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की जब दिल्ली में सरकार थी तब यह सब संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं घोटालों में ही गुम हो जाती थी। मेट्रो जैसी और उससे जुड़ी अधिकतर तकनीक भी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया।''