एचएयू हिसार में पीएचडी छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, दो असिस्टेंट प्रोफेसर निलंबित
- By Gaurav --
- Friday, 06 Feb, 2026
PhD student alleges harassment at HAU Hisar, two assistant professors suspended
हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) में पीएचडी की एक छात्रा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने दो असिस्टेंट प्रोफेसरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बुधवार को विश्वविद्यालय प्रशासन को दूसरी बार लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया है।
पीड़ित छात्रा ने आरोप लगाया कि उसे लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और व्हाट्सएप के जरिए आपत्तिजनक संदेश भेजे जा रहे थे। छात्रा ने पहले बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डीन प्रो. केडी शर्मा को मामले की शिकायत दी थी, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह सीधे कुलपति से मिली और पूरी आपबीती बताई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कुलपति प्रो. बीआर कांबोज ने आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर नवीन कौशिक और अजीत सांगवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक जांच समिति का गठन किया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, जांच समिति सभी तथ्यों की गहनता से जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि छात्रा की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना विश्वविद्यालय की प्राथमिकता है।