फ्लाइट के अंदर बैठे यात्री अचानक से लगे रोने और चिल्लाने, कुछ ने की भगवान से प्रार्थना, जानिए पूरा मामला
Fly91 Flight Lands Safely
बेंगलुरु: Fly91 Flight Lands Safely: तेलंगाना के हैदराबाद से कर्नाटक के हुबली जा रही क्षेत्रीय विमानन कंपनी फ्लाई91 की एक उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं. प्लेन करीब चार घंटे तक आसमान में चक्कर लगाती रही और आखिरकार रविवार रात बेंगलुरु में सुरक्षित लैंड कर गई.
खबर के मुताबिक, हैदराबाद से हुबली जा रही Fly91 एयरलाइंस की IC3401 (ATRTURBOPROP AT7) को रविवार शाम 4.30 बजे लैंड करना था. खराब मौसम की वजह से प्लेन लैंड नहीं कर पाया और मुंडागोड़ा, दावणगेरे और शिवमोग्गा के पास आसमान में चक्कर लगाता रहा.
हुबली एयरपोर्ट के डायरेक्टर रूपेश कुमार ने ईटीवी भारत को बताया, 'आसमान में चक्कर लगाने की वजह से प्लेन में सवार 18 पैसेंजर परेशान हो गए. आखिरकार, प्लेन शाम 7.30 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पर लैंड कर गया. हालांकि, प्लेन में कोई टेक्निकल खराबी नहीं मिली.' विमान के करीब 4 घंटे तक हवा में रहने से यात्री घबरा गए.
प्लेन की मूवमेंट को लेकर परेशान पैसेंजर ने अपने परिवार को रोते हुए एक वीडियो मैसेज भेजा. कुछ पैसेंजर का डर से रोते हुए वीडियो वायरल हो गया है. बाद में, बेंगलुरु से वही प्लेन कल रात 9.30 बजे हुबली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ. एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि हुबली से हैदराबाद जा रहे यात्रियों को सुरक्षित ले जाया गया.
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने कहा, "हैदराबाद से हुबली जा रही उड़ान को खराब मौसम के कारण बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया गया." उन्होंने कहा कि इस प्रकार मार्ग परिवर्तित करना मानक सुरक्षा प्रक्रिया है. अधिकारी के अनुसार, मौसम बेहतर होने की उम्मीद में विमान हुबली के ऊपर करीब एक घंटे तक चक्कर लगाता रहा जिसके बाद उसे बेंगलुरु भेज दिया गया.
उन्होंने कहा, "यह सामान्य प्रक्रिया है. मौसम बेहतर होने का इंतजार करते हुए विमान कुछ समय तक हवा में चक्कर लगाते हैं. यह पायलट का फैसला होता है." अधिकारी ने बताया कि विमान बाद में शाम करीब साढ़े छह बजे बेंगलुरु में उतरा और मौसम में सुधार होने के बाद रात करीब 11 बजे उसे फिर हुबली रवाना किया गया. सूत्रों ने बताया कि विमान में 22 यात्री सवार थे.
अधिकारियों ने क्षेत्र में मौसम के कारण अन्य उड़ानों में भी इसी तरह की बाधाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि मुंबई से कोल्हापुर जा रही एक अन्य उड़ान को भी गोवा की ओर मोड़ना पड़ा. अधिकारी ने कहा, "सभी यात्री सुरक्षित हैं. कोई समस्या नहीं है." फ्लाई91 ने एक बयान में कहा कि यह उड़ान अपराह्न तीन बजे हैदराबाद से रवाना हुई थी. हुबली के करीब पहुंचने पर उसे खराब मौसम का सामना करना पड़ा, जिसके बाद मानक प्रक्रिया के तहत उड़ान को बेंगलुरु मोड़ दिया गया.
बयान में कहा गया कि इसके बाद उड़ान हुबली लौटी और फिर अपने मूल स्थान हैदराबाद वापस चली गई. फ्लाई91 ने कहा कि सुरक्षा से किसी तरह का कोई समझौता नहीं किया गया. उसने कहा कि हुबली के ऊपर विमान को कुछ समय तक रोके रखना और फिर उसे बेंगलुरु मोड़ना मानक परिचालन प्रक्रिया का हिस्सा था तथा यह विमानन क्षेत्र में अपनाई जाने वाली सर्वोत्तम प्रक्रियाओं में शामिल है.
उसने कहा, "फ्लाई91 के पास पायलट, केबिन क्रू और हवाई अड्डे पर कार्यरत कर्मचारियों की अत्यंत दक्ष टीम है, जिसे हर प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है. इस क्षेत्रीय विमानन कंपनी का सुरक्षा रिकॉर्ड बेदाग है." विमानन कंपनी ने कहा कि हैदराबाद से हुबली जा रही उड़ान संख्या ‘आईसी3401’ में कोई तकनीकी खराबी नहीं आई थी. बयान में कहा गया, "कुछ खबरों में विमान में तकनीकी खराबी होने का दावा किया गया है लेकिन यह जानकारी झूठी और निराधार है."