अब पाकिस्तान और इजरायल में बढ़ा तनाव; PAK रक्षा मंत्री के बयान पर भड़का इजरायल, कहा- हमें खत्म करने का आह्वान बहुत बुरा
Pakistan vs Israel Tension over PAK Defence Minister Mohammad Asif Statement
Pakistan vs Israel: एक तरफ ईरान-अमेरिका के स्थायी युद्ध विराम के लिए इस्लामाबाद में बातचीत चल रही है तो वहीं इस बीच पाकिस्तान ने अपने एक बयान से आग भी लगा दी है। ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध रुकवाने और शांति स्थापित कराने में मीडिएटर बना पाकिस्तान, इजरायल के खिलाफ ऐसी बयानबाजी कर रहा है। जिससे स्थिति बिगड़ सकती है। दरअसल पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा मोहम्मद आसिफ़ ने इज़रायल के ख़ात्मे की बात कही है। PAK रक्षा मंत्री ने इजरायल को 'कैंसर' बताया है और यहूदियों से छुटकारा पाने और उन्हें नरक में जलने को कहा है। पाकिस्तान की तरफ से ये बयान इजरायल के लेबनान में हमलों के चलते आया है।
PAK रक्षा मंत्री ने बयान जारी करते हुए कहा, ''इजरायल बुरा है और इंसानियत के लिए श्राप है, जबकि इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, लेबनान में नरसंहार हो रहा है। इजरायल बेगुनाह नागरिकों को मार रहा है, पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान, खून-खराबा बिना रुके जारी है। मैं उम्मीद और प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने फ़िलिस्तीनी ज़मीन पर इस कैंसर जैसे देश को बनाया है, वे यूरोपियन यहूदियों से छुटकारा पाएं और ये यहूदी नरक में जलें।'' सवाल यह है कि एक ऐसा देश जो युद्ध विराम कराने का दावा कर रहा हो, वो एक पक्ष में बारे में क्या ऐसी बात कह सकता है?

इधर अब इस पर इज़रायल की ओर से भी तीखी प्रतिक्रिया आई है। PAK रक्षा मंत्री के इस बयान को बेहद गंभीरता से लेते हुए इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय से आधिकारिक तौर से बयान जारी किया गया है। बयान में कहा गया है, ''पाकिस्तान के रक्षा मंत्री का इज़राइल को खत्म करने का आह्वान बहुत बुरा है। यह ऐसा बयान नहीं है जिसे किसी भी सरकार से बर्दाश्त किया जा सके, खासकर उस सरकार से जो शांति के लिए न्यूट्रल आर्बिटर होने का दावा करती है।''
.jpg)
इजरायल के विदेश मंत्रालय से भी बयान
पाकिस्तान के बयान को लेकर इजरायल के विदेश मंत्रालय से भी बयान जारी किया गया है। इज़रायली विदेश मंत्री ने कहा, ''इजरायल एक ऐसी सरकार के इन खुलेआम एंटीसेमिटिक खून के आरोपों को बहुत गंभीरता से लेता है जो "शांति में बीच-बचाव" करने का दावा करती है। यहूदी देश को "कैंसर वाला" कहना असल में उसके खत्म होने का आह्वान करना है। इज़राइल उन आतंकवादियों से अपना बचाव करेगा जो उसे खत्म करने की कसम खाते हैं।''
.jpg)
आज इस्लामाबाद में पहले दौर की बातचीत
गौरतलब है कि ईरान-अमेरिका के स्थायी युद्ध विराम के लिए आज शुक्रवार को पाकिस्तान की मध्यस्थता में इस्लामाबाद में पहले दौर की बातचीत चल रही है। इस बातचीत में वार्ता के लिए ईरान और अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य शामिल हो रहे हैं। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों में प्रमुख तौर से उपराष्ट्रपति जेडी वैंस इस्लामाबाद पहुंचे हैं। जिसके चलते इस्लामाबाद में अमेरिकी सेना, इंटेलिजेंस और US सुरक्षा एजेंसियो ने एक दिन पहले ही सुरक्षा पूरी तरह से चाकचौबंध कर दी है।
इस्लामाबाद की धरती पर अमेरिकी C-130 जैसे विमान उतरे हैं और सुरक्षा के लिए जरूरी और महत्वपूर्ण अमेरिकी बख्तरबंद गाड़ियो का काफिला देखा जा रहा है। इस्लामाबाद के 'रेड ज़ोन' की ओर जाने वाली सड़कों को ब्लॉक कर दिया गया है। इस रेड ज़ोन में संसद, सरकार के अहम दफ़्तर, आलीशान होटल, दूतावास और विदेशी संगठनों के कार्यालय स्थित हैं।