अनु मीणा सुसाइड केस में नया खुलासा, परिवार ने पति पर लगाए गंभीर आरोप
New revelation in Anu Meena suicide case
नई दिल्ली। जयपुर के चर्चित अनु मीणा सुसाइड केस में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। अब मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसके पति गौतम मीणा ने मार्च महीने में ही अनु और बच्चों की जान लेने की कोशिश की थी।
परिवार का कहना है कि उस समय मामला गौतम की गलती समझकर शांत कर दिया गया, लेकिन बाद में हालात और बिगड़ते चले गए।
घर को बना दिया गैस चैंबर
अनु के भाई नीरज मीणा के मुताबिक, 13 मार्च की रात गौतम मीणा कथित तौर पर अनु और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर एलपीजी गैस चालू छोड़कर बाहर से दरवाजा लगाकर चला गया था। पूरी रात अनु और बच्चे उसी घर में रहे, जहां गैस फैल चुकी थी। अनु और बच्चों के लिए पूरा घर किसी गैस चैंबर से कम नहीं था।
सुबह जब अनु की आंख खुली तो उसने पाया कि घर का गेट बाहर से बंद है। इसके बाद उसने अपने बड़े भाई दीपक मीणा को फोन किया। दीपक ने अपनी बहन अनु के घर के पास में रहने वाले परिचित अनिल मीणा का नंबर दिया।
अनिल मौके पर पहुंचे और बाहर से दरवाजा खोलकर अनु और बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद अनु अपने दोनों बच्चों को लेकर त्रिवेणी नगर स्थित मायके पहुंच गई थी।
मायके वालों की बात नहीं मानी अनु
परिजनों का कहना है कि घटना के बाद गौतम ने फोन पर माफी मांगी और खुद के गांव चले जाने की बात कही। अनु को लगा कि शायद यह सब गलती से हुआ होगा।
परिवार ने उसे वापस न जाने की सलाह दी थी, लेकिन रिश्ते को बचाने की कोशिश में वह दोबारा पति के घर लौट गई।
अनु के पिता रोहिताश मीणा ने कहा कि वह हमेशा चाहते थे कि बेटी का घर बसा रहे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि मामला इतना गंभीर हो जाएगा।
गौतम शराब के नशे में करता था मारपीट
परिजनों ने यह भी दावा किया है कि 3 मार्च को गौतम ने शराब के नशे में अनु के साथ मारपीट की थी। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी अनु के मोबाइल फोन से मिला है। वीडियो में गौतम पहले टीवी तोड़ता दिखाई देता है, इसके बाद कथित तौर पर अनु के साथ मारपीट करता है।
अनु के बेटे माहिर ने भी उस दिन की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि उसके पिता शराब पीकर घर आए थे और मां के साथ झगड़ा व मारपीट करने लगे थे।
परिवार का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से परेशान होकर अनु ने आखिरकार आत्महत्या जैसा कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।