झालावाड़ में रिश्तों का कत्ल: पत्नी को लेने ससुराल पहुँचे युवक पर डाला पेट्रोल; सास और साली पर जिंदा जलाने का आरोप
Murder of Relationships in Jhalawar
नई दिल्ली। Murder of Relationships in Jhalawar, राजस्थान के झालावाड़ जिले के सातलखेड़ी क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसमें पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। सवाई माधोपुर जिले का रहने वाला 25 वर्षीय संजय शुक्रवार को अपनी पत्नी को मायके से लेने ससुराल पहुंचा था।
कुछ समय से पारिवारिक अनबन के कारण उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी। शाम करीब 4 बजे ससुराल पहुंचने पर संजय की ससुराल पक्ष के सदस्यों से तीखी बहस हो गई। जिसके बाद ससुराल में विवाद बढ़ने पर लड़की के मायके वाले उग्र हो गया।
सास और साली पर आग लगाने का आरोप
विवाद बढ़ने पर संजय की सास और साली ने उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। युवक के अनुसार, आग लगते ही उसके ससुर ने किसी तरह आग बुझाई और उसका जान बचाया। हालांकि, इसके बाद ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की।
गंभीर रूप से झुलस चुके संजय को एक परिचित ने तुरंत रामगंज मंडी अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया। इसके बाद उसे झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
झालावाड़ अस्पताल चौकी के कांस्टेबल अरविंद ने बताया कि घटना की सूचना संबंधित थाने और घायल के परिजनों को तुरंत दे दी गई है। पुलिस अब ससुराल पक्ष के बयान दर्ज कर पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है और घटना की सच्चाई सामने लाने का प्रयास कर रही है।