हिमाचल में मानसून का कहर: 64 की मौत, 46 लापता; 3979 करोड़ की संपत्ति को नुकसान
- By Gaurav --
- Saturday, 06 Sep, 2025

Monsoon havoc in Himachal:
Monsoon havoc in Himachal: हिमाचल प्रदेश में इस मानसून सीजन में प्राकृतिक आपदाओं से अब तक 110 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें 64 लोगों की मौत हो चुकी है और 46 लोग लापता हैं। प्रशासन के अनुसार, लापता लोगों के जीवित मिलने की संभावना बेहद कम है।
प्रदेश में 133 लैंडस्लाइड, 95 बाढ़ और 45 बादल फटने की घटनाएं दर्ज की गईं। इन आपदाओं से 1078 मकान पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। 4584 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। कुल मिलाकर 3979 करोड़ रुपए की निजी और सरकारी संपत्ति को नुकसान हुआ है।
बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हुई हैं। 4 राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 1087 सड़कें बंद हैं। 2838 बिजली ट्रांसफॉर्मर और 509 पेयजल योजनाएं भी ठप पड़ी हैं।
कुल्लू के अखाड़ा बाजार में बुधवार को हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति का शव मिला है। एनडीआरएफ का एक जवान अभी भी लापता है। वीरवार की सुबह हुए हादसे में 3 लोग मलबे में दबे हुए हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए राहत की खबर दी है। मानसून कमजोर पड़ेगा और कोई बारिश अलर्ट नहीं है। 8-9 सितंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण कुछ क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। शिमला और कुल्लू में इस बार सामान्य से क्रमशः 113% और 117% अधिक बारिश दर्ज की गई है।