"मेरठ: पत्नी के प्रेमी की हत्या की डेढ़ साल पहले से रची गई थी योजना, पंचायत में भी नहीं मानी गई बात"
Meerut: The murder of the wife's lover was planned
मेरठ। सुनील गाबा उर्फ सुरेंद्र की हत्या की पटकथा डेढ़ साल पहले ही लिखी जा चुकी थी। घर पर दो बच्चों को छोड़कर पूनम के प्रेमी के साथ जाने के बाद ही प्रदीप धीमान ने सुरेंद्र की हत्या करने की ठान ली थी।
पूनम को रोकने के लिए सनौता में पंचायत का आयोजन भी किया गया था। इसमें पूनम ने कह दिया था कि वह बालिग हैं और अपना अच्छा-बुरा समझती है। प्रदीप ने उसी समय ऐलान किया था कि मेरी नहीं हुई तो किसी की नहीं होने दूंगा। यह कहकर प्रदीप पंचायत से चला गया। वहीं पूनम भी प्रेमी सुरेंद्र के साथ चली गई थी। हस्तिनापुर के गांव सहपुर कर्मचंदपुर निवासी पूनम की शादी 2017 में फलावदा थाने के सनौता निवासी प्रदीप धीमान से हुई थी।
प्रदीप के दो बच्चे हैं, जो हाल में उसके पास ही रहते हैं। शादी के बाद पूनम रामराज की जीवनपुरी कालोनी में अपनी बुआ के घर पर रहने गईं थीं। वहीं पड़ोस में रहने वाले युवक से सुनील गाबा उर्फ सुरेंद्र की दोस्ती थी। दो साल पहले दोस्त की छत पर चढ़ने के दौरान पूनम और सुरेंद्र की मुलाकात हुई। पूनम करीब 15 दिन बुआ के घर पर रही। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। ससुराल जाने के बाद पूनम और सुरेंद्र के बीच मोबाइल पर लंबी बातचीत होने लगी। इसके बाद मायके जाने का बहाना कर पूनम सुनील से मिलने लगी।
करीब डेढ़ साल पहले पूनम ने प्रदीप के घर से निकलकर सुरेंद्र के साथ रहने का निर्णय लिया। प्रदीप ने मामले की जानकारी गांव के प्रमुख लोगों को दी। सनौता गांव में पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में पूनम ने प्रदीप के साथ रहने से इन्कार कर दिया। प्रदीप ने पूनम से पूछा कि उसके प्यार में क्या कमी रह गई थी, लेकिन पूनम चुप रही। वह दोनों बच्चों को साथ ले जाने की जिद करने लगी, लेकिन पंचायत ने हस्तक्षेप कर बच्चों को प्रदीप के हवाले कर दिया।
प्रदीप ने फलावदा पुलिस को भी सूचित किया, लेकिन पुलिस ने पूनम के बालिग होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर प्रदीप ने सुनील की हत्या की पटकथा रच दी। वह काफी दिनों से सुरेंद्र के पीछे लगा हुआ था। कोल्ड ड्रिंक पिलाने के आफर की रही चर्चा : चर्चा यह भी रही कि सुनील जब बाइक पर बैठक चाट खा रहा था तभी प्रदीप वहां पहुंच गया और दुकानदार से कोल्डड्रिंक ली। प्रदीप ने सुनील को भी कोल्ड ड्रिंक आफर की, उसने मना किया। शायद उसे अनहोनी का अंदाजा हो गया था ।