लुधियाना के राम लाल भसीन पब्लिक स्कूल में लगी भीषण आग, सभी छात्रों को सुरक्षित निकाला गया
Massive Fire Breaks Out at Ludhiana
पंजाब के लुधियाना स्थित दुगरी फेज-1 में बुधवार सुबह एक निजी स्कूल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग राम लाल भसीन पब्लिक स्कूल के जनरेटर रूम में लगी, जिसके बाद पूरे स्कूल परिसर में धुआं फैल गया। हालांकि, स्कूल प्रबंधन की तत्परता और दमकल विभाग की मुस्तैदी से सभी छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 9 बजे हुई, जब स्कूल में नियमित रूप से कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान जनरेटर रूम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के पैनल में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छुट्टी घोषित कर दी और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके अभिभावकों एवं स्कूल वाहनों के माध्यम से घर भेज दिया। समय रहते छात्रों को बाहर निकाल लिए जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया तथा उसे स्कूल की मुख्य इमारत और कक्षाओं तक फैलने से रोक दिया गया।
फिलहाल पुलिस और फायर सेफ्टी विभाग की टीमें मौके पर जांच कर रही हैं। आग लगने के कारणों और स्कूल में सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।