रोहतक डी-पार्क बाजार में भीषण आग: 12 दुकानें जलकर खाक, एक शव बरामद
Massive fire at Rohtak's D-Park market
रोहतक। Massive fire at Rohtak's D-Park market, शहर के व्यस्त डी-पार्क बाजार में मंगलवार दोपहर अचानक भड़की भीषण आग ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आग सबसे पहले एक जूते के शोरूम में लगी और देखते ही देखते आसपास की 12 दुकानों तक फैल गई। जूते के शोरूम से एक शव बरामद हुआ है। डीएनए से पुष्टि हो पाएगी कि शव किसका है।
प्रारंभिक आशंका एसी के कंप्रेसर में विस्फोट के बाद आग भड़कने की जताई जा रही है। बाजार में कपड़े, जूते और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं। धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने बाजार खाली करवाया।
रोहतक के अलावा बहादुरगढ़, झज्जर, जींद, भिवानी और गोहाना से दमकल वाहन बुलाने पड़े। देर शाम तक करीब 25 दमकल गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। आगजनी के बाद से चार लोगों के लापता होने की सूचना है, जिनकी तलाश जारी है।
दुकानदारों में मची अफरा-तफरी
आग लगते ही बाजार में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आसपास के दुकानदार पहले आग बुझाने में जुटे, लेकिन लपटें बढ़ती देख कई लोग अपनी दुकानों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। मौके पर पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा के सामने कई व्यापारी भावुक हो गए।
एक दुकानदार ने बेटे के अंदर फंसे होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से जल्द तलाश की गुहार लगाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक युवक बाहर निकलने का प्रयास कर रहा था, लेकिन धुएं और आग के बीच वापस अंदर फंस गया।

फायर ब्रिगेड की देरी पर भी उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों और व्यापारियों ने दावा किया कि आग की सूचना के बाद शुरुआत में केवल एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। आग तेजी से फैलने के बाद अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। बाद में एनडीआरएफ, पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं। प्रशासन ने बाजार के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह खाली करवा दिया। देर शाम तक टीमों को दुकानों के भीतर प्रवेश करने में कठिनाई बनी रही।

2016 के बाद फिर धुएं और लपटों में घिरा बाजार
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार वर्ष 2016 के आरक्षण आंदोलन के दौरान भी इस बाजार ने आगजनी देखी थी। वर्षों बाद मंगलवार को एक बार फिर डी-पार्क बाजार धुएं और लपटों से घिर गया। व्यापारियों का कहना है कि कई दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है और पूरे बाजार में भय का माहौल बना हुआ है।
“आगजनी के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 12 दुकानों को आग ने अपनी चपेट में लिया है। पूरी तरह आग बुझने के बाद ही किसी तरह की जनहानि का पता लग पाएगा।”
- आशीष वशिष्ठ, एसडीएम, रोहतक