कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कई वाहन आपस में भिड़े, 15 से ज्यादा घायल

कानपुर-सागर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कई वाहन आपस में भिड़े, 15 से ज्यादा घायल

Major Road Accident on Kanpur-Sagar Highway

Major Road Accident on Kanpur-Sagar Highway

कानपुर। Major Road Accident on Kanpur-Sagar Highway, कानपुर सागर हाईवे पर घाटमपुर के पतारा कस्बे में बुधवार तड़के करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। दो ट्रक आपस में टकराने के बाद पलट गए। पीछे से आ रहीं चार कारें इन ट्रकों में अनियंत्रित होकर घुस गईं। इसमें 15 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

खबर लिखे जाने तक पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही थी। वाहनों में फंसे लोगों को निकालकर एंबुलेंस और प्राइवेट गाड़ियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, हादसे के चलते कई किमी तक वाहनों की कतार लगी हुई है।

एक के बाद एक करके ट्रकों में जा घुसीं कारें

घाटमपुर की ओर एक ट्रक तेज रफ्तार कानपुर की ओर जा रहा था, जो पतारा कस्बे के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। इससे दोनों ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गए। हादसे के कारण पीछे से आ रही कारें भी अनियंत्रित होकर एक के बाद एक करके ट्रकों में जा घुसीं, जिससे उनमें सवार महिलाएं, बच्चे और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। 

चीख-पुकार मचने पर आसपास रहने वाले लोग दौड़े और फिर पुलिस को सूचना देकर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कारों में फंसे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस और दूसरे वाहनों की मदद से घायल को अस्पताल भिजवाना शुरू किया। 

कारों में सवार लोग बारात से लौट रहे थे

पुलिस के मुताबिक कारों में सवार लोग बारात से लौट रहे थे। वहीं, ट्रकों के पलटने और कारों के क्षतिग्रस्त होने से सागर-कानपुर हाईवे मार्ग पर भीषण जाम लग गया। खबर लिखने जाने तक पुलिस क्रेनों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाने के प्रयास में जुटी रही। 

घाटमपुर थानाप्रभारी ने बताया कि स्थानीय लोगों के मुताबिक ट्रकों के टकराकर पलटने के बाद पीछे से आ रही कारों के अनियंत्रित हो टकराने से भीषण हादसा हुआ है। घायलों को रेस्क्यू करके अस्पताल भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाने का प्रयास जारी है।