यूपी में जल्द होगा बड़ा आईपीएस तबादला: कई जिलों के पुलिस कप्तान बदलने की तैयारी, 28 नए आईपीएस को मिलेगी नई जिम्मेदारी
Major IPS reshuffle likely soon in UP
लखनऊ। Major IPS reshuffle likely soon in UP, राज्य में पीसीएस और आईएएस अफसरों के तबादले के बाद आईपीएस अधिकारियों की तैनाती में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है।
इसी माह पीपीएस से आईपीएस के पद पर पदोन्नत 28 अधिकारियों की नई तैनाती को लेकर इस बदलाव के तहत कई जिलों के पुलिस प्रमुखों का भी बदला जाना तय माना जा रहा है। आईपीएस अधिकारियों की नई तैनाती को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
संघ लोक सेवा आयोग ने पहली जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश के बाद राज्य के 28 पीपीएस अधिकारियों को आईपीएस के पद पर पदोन्नत किया था। इनमें कमल किशोर, सुरेश चन्द्र रावत, शुएब इकबाल, राहुल मिठास, आलोक कुमार शर्मा, राज कुमार, महेश सिंह अत्रि, विनीत भटनागर, जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, शशि शेखर सिंह, कुलदीप सिंह, ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद, हरेन्द्र प्रताप यादव, वंशराज सिंह यादव,डा. कृष्ण गोपाल, मधुवन कुमार सिंह, कपिल देव सिंह, बलवंत कुमार चौधरी, राहुल श्रीवास्तव, राजेश कुमार पांडेय, प्रीति बाला गुप्ता, विकास चन्द्र त्रिपाठी, पुर्णेन्दु सिंह, हरेन्द्र कुमार, मार्तण्ड प्रकाश सिंह, अभय नाथ त्रिपाठी,पवित्र मोहन त्रिपाठी व देवेश कुमार शर्मा शामिल हैं।
इन सभी अधिकारियों की नई तैनाती के लिए पुलिस मुख्यालय से शासन को पत्र भेजा जा चुका है। इसके बाद से पदोन्नत अधिकारियों में प्रमुख पदों पर तैनाती के लिए खींचतान चल रही है। उम्मीद है कि पदोन्नति पाकर आईपीएस बने कई अधिकारियों को उन जिलों में बतौर पुलिस प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जहां लंबे समय से पुलिस प्रमुख को बदला नहीं गया।
इसके अलावा उन जिलों के पुलिस प्रमुखों को भी बदला जा सकता है जिनके जिलों में कानून-व्यवस्था का हाल सही नहीं है। वहीं, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद रिक्त हुए डीजी के पद पर लखनऊ के पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर को भी पदोन्नत करने की तैयारी है।