2027 में बदलेगा इतिहास, हिमाचल में नहीं बदलेगी सरकार: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू
- By Gaurav --
- Monday, 13 Jul, 2026
History Will Change in 2027, Congress
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान का शुभारंभ करते हुए दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा इस बार टूटेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा किए जा रहे व्यवस्था परिवर्तन के कार्यों के आधार पर जनता 2027 में दोबारा कांग्रेस को मौका देगी और भाजपा का सत्ता में वापसी का सपना पूरा नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र ने राज्य के अधिकारों में कटौती की है और पुरानी पेंशन योजना को समाप्त करने की बात कर सरकारी कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जनता भाजपा का समर्थन क्यों करेगी।
सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार पर भी कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताएं हुईं और हमीरपुर अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड में भर्ती घोटालों व पेपर लीक मामलों से युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार की भी आलोचना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए कई कदम उठाए हैं। उनके अनुसार, प्रदेश गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से काम कर रही है।