DCP सृष्टि गुप्ता की पंचकूला पुलिस से भावुक विदाई; बोलीं- स्नेह और यादें साथ लेकर जा रही हूं, फूलों की वर्षा करते दिखे अधिकारी-कर्मचारी
BREAKING

DCP सृष्टि गुप्ता की पंचकूला पुलिस से भावुक विदाई; बोलीं- स्नेह और यादें साथ लेकर जा रही हूं, फूलों की वर्षा करते दिखे अधिकारी-कर्मचारी

Panchkula Police DCP Srishti Gupta Emotional Farewell After Transfers

Panchkula Police DCP Srishti Gupta Emotional Farewell After Transfers

DCP Shrishti Gupta Transfer: 10 जुलाई को हुए तबादले के बाद आज सोमवार को आईपीएस सृष्टि गुप्ता ने पंचकूला पुलिस का DCP पद छोड़ दिया और यहां से अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के लिए विदाई ले ली. पंचकूला के सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में सृष्टि गुप्ता को भावपूर्ण एवं गरिमामयी विदाई दी गई. सम्मानजनक तरीके से उन्हें विदा किया गया और साथ ही उनकी नई पोस्टिंग के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी गईं.

फूलों की वर्षा करते दिखे अधिकारी-कर्मचारी, हुए भावुक

पंचकूला पुलिस ने सृष्टि गुप्ता की विदाई को यादगार बनाया. सृष्टि गुप्ता को विदाई देते हुए अधिकारी-कर्मचारी उनपर फूलों की वर्षा करते दिखे और उनके कार्यकाल में उनके साथ किये काम और साथ को याद कर भावुक भी हो गए. पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सृष्टि गुप्ता के नेतृत्व, कार्यशैली और मानवीय दृष्टिकोण को याद करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट किये और कहा कि सृष्टि गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान सकारात्मक पुलिसिंग, जनसहभागिता आधारित कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की प्रभावी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई.

बता दें कि डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने अपने कार्यकाल के दौरान सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम किया. पंचकूला में पहली बार किसी पुलिस अधिकारी की इस तरह से विदाई देखने को मिली. जिसके लिए सृष्टि गुप्ता ने भी पंचकूला पुलिस का खूब आभार व्यक्त किया और शायराना अंदाज में कहा कि 'बस कदर करने का हुनर है इनमें, वरना हमनें ऐसी क्या खासियत'. वहीं सृष्टि गुप्ता भी चेहरे पर हंसी लिए अन्दर से भावुक दिखीं. उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस लगातार अपराध पर नियंत्रण बनाते हुए अच्छा काम करती रहेगी.

बोलीं- स्नेह और यादें साथ लेकर जा रही हूं

जाते-जाते सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पंचकूला पुलिस की हर उपलब्धि मेरी नहीं, यह पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है, मैं अपने साथ पंचकूला पुलिस की यादें, सीख और आप सभी का स्नेह लेकर जा रही हूँ, यह कार्यकाल हमेशा याद रहेगा. उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान साथ कार्य करने वाले विभिन्न पुलिस आयुक्तों, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक, सभी एसीपी, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, क्राइम यूनिट्स, ईआरवी, राइडर्स, पीसीआर टीमों, विभिन्न शाखाओं तथा पूरे पुलिस बल का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि पंचकूला में कार्य करने का अनुभव उनके लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगा और यहां से मिली सीख व सहयोग उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है.

सृष्टि गुप्ता के कार्यकाल में पंचकूला में अपराध घटा

पंचकूला पुलिस ने कहा कि डीसीपी सृष्टि गुप्ता के 4 जून 2025 से 13 जुलाई 2026 तक के कार्यकाल में पंचकूला जिले में अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिणाम देखने को मिले. इस अवधि के दौरान महिला विरुद्ध अपराधों में 26 प्रतिशत, वाहन चोरी के मामलों में 27.5 प्रतिशत, चोरी की घटनाओं में 31 प्रतिशत, स्नैचिंग की वारदातों में 30 प्रतिशत तथा सेंधमारी के मामलों में 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. सृष्टि गुप्ता में अपने कार्यकाल के दौरान लोगों में खाकी का डर दूर किया, आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना, शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर युवाओं को जागरुक किया. सकारात्मक पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास की मिसाल बने सृष्टि गुप्ता के कार्यकाल हमेशा याद किया जाएगा.

मीडिया ने अच्छा तालमेल रखा

डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने मीडिया का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसेवा को प्रभावी बनाने में मीडिया का भी सहयोग सराहनीय रहा. सृष्टि गुप्ता ने कहा कि पुलिस के साथ मीडिया का ऐसा सहयोग बहुत कम देखने को मिलता है. लेकिन पंचकूला में मीडिया ने जिस तरह से अच्छा तालमेल रखा, वह इससे पहले उन्होंने कहीं और अपनी पोस्टिंग के दौरान नहीं देखा था. पंचकूला में उन्हें प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल का अनुभव मिला. सृष्टि गुप्ता ने सभी मीडिया कर्मियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं.

सृष्टि गुप्ता जून 2025 में बनी थीं पंचकूला DCP

2021 बैच की आईपीएस सृष्टि गुप्ता को जून 2025 में पंचकूला DCP बनाया गया था. सृष्टि ने उस समय आईपीएस हिमाद्री कौशिक की जगह ली थी. पंचकूला DCP पद पर सृष्टि गुप्ता का कार्यकाल लगभग एक साल से अधिक का रहा. पंचकूला आने से पहले सृष्टि गुप्ता यमुनानगर एएसपी तैनात थीं. सृष्टि समालखा एएसपी का कार्यभार भी संभाल चुकी हैं. वहीं हाल ही में 10 जुलाई को हरियाणा सरकार ने बड़ा फेरबदल किया और इस बीच IPS सृष्टि गुप्ता का पंचकूला DCP पद से तबादला कर दिया गया. सृष्टि गुप्ता को अब AIG वेलफेयर पुलिस हेडक्वार्टर लगाया गया है.

DCP Shrishti Gupta Transfer