Chamba Medical College Sanitation

चंबा मेडिकल कॉलेज की महिला सफाई कर्मचारी ने जान का खतरा बताया, तीन सहकर्मियों पर धमकी देने का आरोप

pulic

Chamba Medical College Sanitation

चंबा: पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा में कार्यरत एक महिला सफाई कर्मचारी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने अपनी तीन महिला सहकर्मियों पर जान से मारने की धमकी देने और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

शिकायतकर्ता उषा, पत्नी रविंद्र कुमार, निवासी गांव लोहा, तहसील एवं जिला चंबा ने बताया कि 11 जून को उन्होंने ईपीएफ की राशि खाते में जमा न होने के मामले में अपनी तीन सहकर्मियों के खिलाफ महिला थाना चंबा में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में उन्हें पता चला कि संबंधित सहकर्मियों ने ठेकेदार के खिलाफ कथित तौर पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया, जिसमें पुलिस ने जांच के दौरान ठेकेदार को गिरफ्तार किया है।

महिला का आरोप है कि जब उन्होंने सहकर्मियों से शिकायत वापस लेने की बात कही तो उन्हें जान से मारने की धमकियां दी गईं। उनका कहना है कि मोबाइल फोन के जरिए भी उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग वाहन से उनका पीछा कर रहे हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।