नगर परिषद की वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक में बड़ा निर्णय
Municipal Council's Finance and Contract Committee
चेयरमैन डॉ. यशपाल ने ताऊ देवीलाल पार्क एवं स्वामी श्रद्धानंद पार्क के नवीनीकरण के लिए म्युनिसिपल फंड से 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की
पलवल। दयाराम वशिष्ठ: Municipal Council's Finance and Contract Committee: पलवल शहर के सौंदर्यीकरण एवं नागरिक सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर परिषद पलवल की वित्त एवं अनुबंध समिति (F&CC) की बैठक में आज एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। चेयरमैन डॉ. यशपाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर परिषद के अपने फंड से ताऊ देवीलाल पार्क के नवीनीकरण हेतु 2.50 करोड़ रुपये तथा स्वामी श्रद्धानंद पार्क के नवीनीकरण हेतु 2.50 करोड़ रुपये, कुल 5 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
डॉ. यशपाल ने बताया कि कुछ समय पूर्व उन्होंने नगर परिषद के पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ दोनों पार्कों का विस्तृत निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पार्कों की स्थिति, नागरिकों की आवश्यकताओं तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर इनके व्यापक नवीनीकरण की योजना तैयार की गई। अब स्वीकृति मिलने के बाद शीघ्र ही टेंडर आमंत्रित कर विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दोनों पार्कों में आधुनिक लैंडस्केपिंग, आकर्षक वॉकिंग ट्रैक, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के लिए अत्याधुनिक खेल उपकरण, ओपन जिम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने की सुविधाएं, पेयजल व्यवस्था, सिंचाई प्रणाली, हरित क्षेत्र का विस्तार तथा अन्य आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद दोनों पार्क शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों के उत्कृष्ट केंद्र बनेंगे।
डॉ. यशपाल ने बताया कि हाल ही में नगर परिषद द्वारा ताऊ देवीलाल पार्क में पलवल जिले का पहला आधुनिक Aspirational Toilet स्थापित किया गया है। यह अत्याधुनिक सुविधा स्वच्छता, सुगमता एवं नागरिक सुविधा के उच्च मानकों को ध्यान में रखते हुए विकसित की गई है। पार्क के नवीनीकरण के बाद यह परिसर और अधिक आकर्षक एवं सुविधासंपन्न बनेगा।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद पलवल द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। प्रमुख सड़कों, चौराहों, पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और हरित क्षेत्रों का योजनाबद्ध विकास किया जा रहा है, जिससे पलवल एक स्वच्छ, हरित, सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में नई पहचान बना रहा है।
डॉ. यशपाल ने कहा कि नगर परिषद द्वारा 6 नए पार्कों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके साथ ही शहर के पुराने पार्कों के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। नगर परिषद का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को निरंतर गति दे रही है। आने वाले समय में भी आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, हरित क्षेत्रों का विस्तार करने तथा शहर के सौंदर्यीकरण से जुड़ी अनेक नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। पलवल को प्रदेश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहरों में शामिल करना नगर परिषद की प्राथमिकता है।