हरिद्वार में अवैध खनन मामले में बड़ी कार्रवाई, इकबालपुर पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित

हरिद्वार में अवैध खनन मामले में बड़ी कार्रवाई, इकबालपुर पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ निलंबित

Major Action in Haridwar Illegal Mining Case

Major Action in Haridwar Illegal Mining Case

हरिद्वार। Major Action in Haridwar Illegal Mining Case: राज्य में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हरिद्वार जनपद की इकबालपुर पुलिस चौकी में तैनात पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया गया है। अवैध खनन से जुड़े एक ऑडियो के सामने आने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया।

जानकारी के अनुसार इकबालपुर क्षेत्र में अवैध खनन से संबंधित मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी सहित पूरी चौकी के छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात को सौंप दी गई है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक नवीन सिंह चौहान (चौकी प्रभारी इकबालपुर), हेड कांस्टेबल विरेन्द्र शर्मा, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल देवेश सिंह तथा कांस्टेबल प्रदीप शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि राज्य में अवैध खनन, भ्रष्टाचार या किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, यदि वही अपने कर्तव्यों में लापरवाही या अनुचित गतिविधियों में संलिप्त पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।