120 की रफ्तार, 45 मिनट का सफर... लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बदलेगा UP की तस्वीर, आज होगा उद्घाटन

120 की रफ्तार, 45 मिनट का सफर... लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बदलेगा UP की तस्वीर, आज होगा उद्घाटन

Lucknow-Kanpur Expressway Inauguration

Lucknow-Kanpur Expressway Inauguration

लखनऊ। Lucknow-Kanpur Expressway Inauguration: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है। सोमवार (13 जुलाई) को एक्सप्रेसवे का लोकार्पण रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ करेंगे।

भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी के मुताबिक रक्षामंत्री 13 जुलाई की सुबह 10:35 बजे दिल्ली से लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे केजीएमयू के 22वें दीक्षा समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद अपने पांच कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पहुंचेंगे और यहां से दोपहर तीन बजे ला-मार्टीनियर कॉलेज से हेलीकाप्टर के जरिए लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम में उन्नाव पहुंचेंगे। उनके साथ सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी साथ मौजूद रहेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम के बाद रक्षामंत्री फिर लखनऊ लौटेंगे और सरोजनी नगर स्थित कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल के वार मेमोरियल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर शाम 4:30 बजे से 5:45 बजे तक स्कूल परिसर में ही आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसी दौरान इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर का शिलान्यास भी करेंगे। राजनाथ सिंह शाम छह बजे लखनऊ एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। वहीं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक नकुल प्रकाश वर्मा के मुताबिक पब्लिक के लिए एक्सप्रेसवे 14 जुलाई की सुबह आठ बजे से खोल दिया जाएगा।

पहले दिन से ही लोगों से टोल लिया जाएगा। वहीं लखनऊ उत्तर विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बताया कि उन्नाव में लोकार्पण करने के बाद एक्सप्रेसवे से ही सफर करते हुए रक्षामंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री और मुख्यमंत्री सरोजनी नगर स्थित कैप्टन मनोज पांडे सैनिक स्कूल पहुंचेंगे। सफर के दौरान एनएचएआइ के अधिकारी एक्सप्रेसवे पर चल रही वे-साइड एमेनिटीज से जुड़े कार्यों को भी दिखा सकते हैं।