मां वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत पर बिजली गिरने का विहंगम दृश्य; श्रद्धालु लगाने लगे माता के जयकारे, यहां देखिए कैमरे में कैद पूरा मंजर

Lightning Hit Trikuta Mountain Mata Vaishno Devi Dham Katra
Vaishno Devi Dham Katra: गुरुवार (1 मई) देर शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिल्ली-एनसीआर से लेकर जम्मू-कश्मीर तक उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हुई। इस बीच जम्मू के कटरा स्थित मां वैष्णो देवी के त्रिकुट पर्वत पर आकाश से बिजली गिर गई। वहीं बिजली गिरने का विहंगम दृश्य कैमरे में कैद हो गया।
कांप गए श्रद्धालु, लगाने लगे माता के जयकारे
जिस वक्त त्रिकुट पर्वत पर आकाशीय बिजली गिरी। उस दौरान हजारों श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पर्वत मार्ग पर ही यात्रा कर रहे थे। इसी बीच जब अचानक से तेज तड़तड़ाहट के साथ बिजली पर्वत पर आकर गिरी तो श्रद्धालु कांप गए। वह इस दौरान मां वैष्णो देवी के जयकारे लगाने लगे। हालांकि, दूसरी तरफ यह दुर्लभ दृश्य जिन श्रद्धालुओं ने देखा, वो उनके दिलों में हमेशा के लिए बस गया।
त्रिकुट पर्वत पर बिजली गिरने का विहंगम दृश्य
जम्मू के कटरा में विराजमान माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए लोगों में उत्सुकता और उमंग रहती है। यही कारण है कि हर दिन हजारों की तादाद में लोग माता वैष्णो देवी धाम पहुंचते हैं और श्राइन बोर्ड के नियमों के साथ माता के दर्शन के लिए यात्रा शुरू करते हैं। श्राइन बोर्ड ने यात्रा के लिए RFID कार्ड अनिवार्य किया हुआ है।
माता वैष्णो देवी का धाम है चमत्कारिक
जम्मू के कटरा में त्रिकुट पर्वत पर विराजमान और मां दुर्गा को समर्पित शक्तिपीठों में से एक माता वैष्णो देवी की महिमा धन्य है। माता वैष्णो देवी (Mata Vaishno Devi) से न जाने कितने ही लोगों की आस्था जुड़ी है। ऐसी मान्यता है कि, माता वैष्णो देवी भी सबकी मुरादें पूरी करती हैं, उनके दुःख-दर्द दूर करती हैं। इसीलिए न जाने कितने लोग माता वैष्णो देवी के दरबार में शीश झुकाने जाते रहते हैं। दरबार में लोगों का तांता लगा रहता है।
ऊंची चढ़ाई भी श्रद्धालुओं को डिगा नहीं पाती
हर साल लाखों की संख्या में लोग धाम पर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। जबकि माता के दर्शन करने के लिए मुश्किल रास्तों से गुजरना पड़ता है। ऊंची चढ़ाई श्रद्धालुओं को पस्त कर देती है। लेकिन फिर श्रद्धालु भारी से भारी संख्या में माता के धाम आते हैं। क्योंकि हर कोई माता वैष्णो देवी धाम जाकर मैया के दर्शन कर आशीर्वाद पाना चाहता है, पर माता हर किसी को अपने पास नहीं बुलातीं। जिन्हें बुलावा आता है वही मां के पास जा पाता है।