लखनऊ में 'कृषि महाकुंभ': शिवराज सिंह और योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उत्तर भारत के 9 राज्यों का मंथन
Krishi Mahakumbh' in Lucknow
लखनऊ। Krishi Mahakumbh' in Lucknow, उत्तर जोन का क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन शुक्रवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राजधानी लखनऊ में आयोजित होगा।
सम्मेलन में केंद्रीय राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कृषि मंत्री, अधिकारी, वैज्ञानिक, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, दलहन-तिलहन मिशन, बागवानी और डिजिटल कृषि आदि विषयों पर चर्चा होगी।
गुरुवार को लोक भवन में आयाेजित पत्रकार वार्ता में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी स्थित द सेंट्रम होटल में होने वाले इस आयोजन का उद्देश्य खेती, तकनीक, विपणन और कृषि अवसंरचना से जुड़े मुद्दों पर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।
सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री द्वारा किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपना संबोधन देंगे। सम्मेलन में प्रमुख कृषि योजनाओं और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा होगी। उर्वरकों की उपलब्धता, उनके संतुलित उपयोग और कालाबाजारी पर नियंत्रण जैसे मुद्दों पर भी मंथन होगा।
राज्यों के प्रतिनिधि अपनी श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का प्रस्तुतिकरण करेंगे। उत्तर प्रदेश की ओर से गन्ने के साथ अंत:फसली खेती और डायरेक्ट सीडिंग आफ राइस (डीएसआर) तकनीक, हरियाणा द्वारा ''मेरी फसल मेरा ब्यौरा'' पोर्टल, पंजाब द्वारा धान से फसल विविधीकरण और पहाड़ी राज्यों द्वारा बागवानी क्षेत्र की उपलब्धियों को साझा किया जाएगा।
लखनऊ में होने वाला यह सम्मेलन जयपुर, विशाखापट्टनम और गुवाहाटी में आयोजित जोनल कान्फ्रेंस श्रंखला का हिस्सा है, इसके तहत अंत में 28-29 मई को दिल्ली में राष्ट्रीय खरीफ सम्मेलन में क्षेत्रीय अनुभवों को राष्ट्रीय रणनीति में बदलने का कार्य किया जाएगा।