कांवड़ यात्रा 2026: डीजे की ऊंचाई और आवाज पर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी एफआईआर और गिरफ्तारी

कांवड़ यात्रा 2026: डीजे की ऊंचाई और आवाज पर सख्ती, नियम तोड़ने पर होगी एफआईआर और गिरफ्तारी

1000031178

Kanwar Yatra 2026: Strict norms on DJ height and volume

मेरठ। Kanwar Yatra 2026: Strict norms on DJ height and volume, कांवड़ यात्रा में कांवड़ और साथ में चलने वाले म्यूजिक सिस्टम (डीजे) की ऊंचाई 10 फीट और चौड़ाई 12 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए। म्यूजिक सिस्टम संचालकों को चेतावनी दी गई है कि उल्लंघन करने पर डीजे संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

मेरठ में 250 संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। कांवड़ मार्ग में पड़ने वाले ढाबा, होटल और रेस्तरां को खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से जारी क्यूआर कोड लगाना अनिवार्य होगा।

मेरठ जोन के एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि इस बार थानावार कांवड़ रजिस्टर तैयार कराया जा रहा है। इसमें कांवड़ से संबंधित सभी सूचनाएं दर्ज होंगी। 15 जुलाई से पहले सभी सीओ कांवड़ यात्रा मार्ग का हर दूसरे दिन निरीक्षण करें और कमियों को दूर कराएं। कांवड़ बनाने और यात्रा करने वाले लोगों को जागरुक किया जाए।

हर होटल, ढाबे और रेस्तरां पर क्यूआर कोड लगाकर प्रतिष्ठान के संचालक का नाम व खाने-पीने की वस्तुओं की निर्धारित कीमत सार्वजनिक करनी अनिवार्य होगी। शिव भक्त मोबाइल से इसे स्कैन कर प्रतिष्ठान के संचालक का नाम और वहां मिलने वाले खाद्य पदार्थों की निर्धारित कीमत देख सकेंगे।

एडीजी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे को लेकर हर साल उठने वाले विवादों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कांवड और म्यूजिक सिस्टम की ऊंचाई की सीमा तय कर दी है। म्यूजिक सिस्टम की आवाज अधिकतम 75 डेसीबल रहेगी।

म्यूजिक सिस्टम संचालक आपस में प्रतियोगिता नहीं करेंगे। सिर्फ धार्मिक गीत ही बजा सकेंगे। अश्लील या धार्मिक भावना भड़काने वाला गीत नहीं बजाया जाएगा। अस्पतालों के आसपास म्यूजिक सिस्टम खड़ा करने की मनाही होगी।

सभी म्यूजिक सिस्टम संचालकों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 168 के तहत नोटिस जारी कर दिया गया है। मानकों का पालन नहीं करने वालों पर मुकदमा दर्ज उनकी गिरफ्तारी होगी।

पाकिस्तानी गैंग्सटर की गतिविधि देख बढ़ेगी कांवड़ यात्रा की सुरक्षा

पाकिस्तानी गैंग्सटर शहजाद भट्टी और सरफराज डोगरा की वेस्ट यूपी में बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए पुलिस भी अलर्ट हो गई है। सीसीटीवी से कांवड़ यात्रा के हर मूवमेंट पर निगरानी रखी जाएगी। यात्रा के दौरान पुलिस के साथ ही एटीएस व अर्धसैनिक बल लगाया जाएगा।

कांवड़ियों की वेशभूषा में भी पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। इंटेलीजेंस और आइबी भी अलर्ट पर रहेगी और हरिद्वार से लेकर दिल्ली तक गोपनीय जानकारी जुटाएगी। सेना की इंटेलीजेंस भी काम कर रही है।