नई कार की खुशियां मातम में बदलीं: उत्तराखंड में दर्दनाक हादसे में दो की मौत, पत्नी को अब तक नहीं पता पति की मौत की खबर
Joy of new car turns to tragedy
लोहाघाट। Joy of new car turns to tragedy, खुशी का सागर लिए एक परिवार सुबह-सुबह नई कार में सवार होकर पिथौरागढ़ के कनालीछीना की ओर रवाना हुआ।
हंसते-खेलते, सपनों को साथ लिए पांच सदस्य काठगोदाम से चले, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। मरोड़ा खान और बंतोली के बीच भयानक सड़क दुर्घटना से पूरे परिवार में मातम झा गया।
घायल पत्नी को नहीं दी खबर
सीआरपीएफ में तैनात बलदेव कुमार की पत्नी नीतू गंभीर रूप से घायल अवस्था में स्ट्रेचर पर लेटी बार-बार रो रही थीं। आंखों में आंसू भरकर वह अपने पति बलदेव, जेठ राजेंद्र और बच्चों अक्षिता व आरव के बारे में पूछ रही थीं। लेकिन उसे नहीं पता था कि पति और जेठ अब इस दुनिया में नहीं रहे।
नीतू ने बताया वह सुबह सात बजे काठगोदाम स्थित सीआरपीएफ आवास से निकले थे। चार जून को ही हल्द्वानी से नई कार खरीदी थी। सब बहुत खुश थे। पिथौरागढ़ के कनालीछीना जा रहे थे। कार में हंसी-खुशी का माहौल था। लेकिन कुछ ही देर बाद सब कुछ बदल गया।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दो जिंदगियां मौके पर ही समाप्त हो गईं। बलदेव कुमार और राजेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि नीतू गंभीर रूप से घायल हैं। बच्चों अक्षिता और आरव के पैर और सिर चोटें आई हैं, पर वह सुरक्षित हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने नीतू को सांत्वना देते हुए उन्हें उनके बेटे-बेटी का मुंह दिखाया। बच्चों को देखकर नीतू कुछ पल के लिए शांत हुईं, लेकिन फिर से उनके मुंह से सिसकियां निकलने लगीं।
एक तरफ नई कार की खुशी, दूसरी तरफ परिवार के दो स्तंभों का सहसा चला जाना यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। यह घटना उन परिवारों की कहानी बन गई है, जो एक पल में अपनी पूरी दुनिया खो बैठते हैं। प्रशासन ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दिल टूटने वाली इस मार्मिक घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
घायल को हाल जानने पहुंचे लोग
वाहन दुर्घटना होने की खबर सुनते ही लोग अस्पताल की ओर दौड़ पड़े और घायलों के हाल चाल जाना। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सतीश पांडेय, निर्मल माहरा, गोविंद बोहरा,सुनील चौबे,दीपक सुतेडी मौजूद रहे।
विभागीय अधिकारियों ने किय रेस्क्यू
रेस्क्यू अभियान में एडीएम केएन गोस्वामी, एसडीएम नीतू डांगर, दमकल विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ सहित आसपास गांव के युवाओं ने सहयोग किया। राष्ट्रीय राजमार्ग में बने दोनों क्रस बैरियर के बीच के गैप से वाहन खाई में जा गिरी।