झारखंड में 'इंडिया' गठबंधन में रार: राजद के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार, कहा— "अपने घर की खीझ हम पर न निकालें, गठबंधन धर्म सीखें"
Rift within the 'INDIA' alliance in Jharkhand
रांची। Rift within the 'INDIA' alliance in Jharkhand, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने राजद नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों पर आपत्ति की है। पार्टी पर लगाए जा रहे आरोपों पर कांग्रेस नेताओं ने सफाई भी दी और राजद नेताओं को गठबंधन धर्म की नसीहत भी दी है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि उनकी पार्टी का मानना है कि यदि किसी दल को अपने विधायकों और नेताओं पर भरोसा नहीं है तो उसकी खीझ कांग्रेस पर निकालना उचित नहीं है।
आरजेडी नेताओं द्वारा कांग्रेस के भीतर गुटबाजी और संगठनात्मक स्थिति पर टिप्पणी करना उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर है। कांग्रेस एक राष्ट्रीय पार्टी है और अपने आंतरिक मामलों को संभालने में पूरी तरह सक्षम है।
के. राजू पर दिया गया बयान दुर्भाग्यपूर्ण
के. राजू के संबंध में की गई व्यक्तिगत टिप्पणियां न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं बल्कि महागठबंधन की भावना के भी विरुद्ध हैं। कांग्रेस यह भी कहना चाहती है कि राज्यसभा चुनाव के परिणामों और मतदान के दौरान हुई घटनाओं को लेकर कई प्रश्न स्वयं राजद के भीतर उठ रहे हैं।
ऐसे में अपनी जवाबदेही से बचने के लिए कांग्रेस को निशाना बनाना सच्चाई को छिपाने का प्रयास मात्र है। कांग्रेस पार्टी राजद नेतृत्व से अपेक्षा करती है कि वह अपने नेताओं को संयमित भाषा का प्रयोग करने की सलाह दे और गठबंधन धर्म का पालन करे।
सच्चाई यह है कि जो लोग अपने घर के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं, वे दूसरों के आंगन में धूल उड़ाकर जनता का ध्यान भटकाना चाहते हैं।
कांग्रेस ने गठबंधन धर्म का किया है पालन
दूसरी ओर, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सह मीडिया चेयरमैन सतीश पाल मुंजनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गठबंधन धर्म का पूरी निष्ठा के साथ पालन किया है और राज्यसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से प्रयास किया।
चुनाव परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं आने से स्वाभाविक रूप से कई सवाल खड़े हुए हैं, लेकिन बिना किसी ठोस तथ्य और प्रमाण के किसी सहयोगी दल अथवा किसी नेता पर आरोप लगाना गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने झारखंड में आईएनडीआईए गठबंधन को मजबूत करने, सहयोगी दलों के बीच समन्वय स्थापित करने और भाजपा के खिलाफ साझा संघर्ष को आगे बढ़ाने का कार्य किया है।
मुंजनी ने कहा कि यदि किसी स्तर पर चुनाव परिणाम को लेकर किसी दल को संदेह है, तो उसकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आए और किसी भी प्रकार की भ्रांति समाप्त हो।