झारखंड कांग्रेस में बदलाव की चर्चा तेज, प्रदेश अध्यक्ष की विदाई की अटकलें; प्रभारी के. राजू के दौरे पर टिकी निगाहें

1000264940

Talk of changes within the Jharkhand Congress intensifies

रांची। झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की विदाई धीरे-धीरे तय होती दिख रही है। कमलेश की विदाई को लेकर पार्टी के अंदर चर्चा चल रही है और पिछले दौरे में प्रदेश प्रभारी की नाराजगी को इसका आधार माना जा रहा है।

प्रखंड अध्यक्षों के साथ बैठक को छोड़कर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के.राजू वापस लौट गए थे। यहीं से उनकी नाराजगी का अनुमान लगाया जा रहा है और चर्चा तेज है कि प्रदेश अध्यक्ष को हटाया जा सकता है।

दूसरी ओर, के.राजू से भी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व संतुष्ट नहीं है। ऐसे में माना जा रहा है कि शीर्ष नेतृत्व का ध्यान भटकाने के लिए ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ने यह कदम उठाया है। पिछली बार झारखंड दौरे के क्रम में के.राजू कार्यक्रम को बीच में ही छोड़कर चले गए थे।

उनकी तात्कालिक नाराजगी एसआइआर को लेकर पार्टी की कमजोर तैयारियों को लेकर थी। एसआइआर को लेकर पार्टी की सभी इकाइयों को वे एक साथ जागृत करते हुए आंदोलन का रूप देना चाहते थे, जाे होता दिख नहीं रहा था।

इससे प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की नाराजगी बढ़ी। उक्त बैठक में पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद और योगेंद्र प्रसाद के व्यवहार को लेकर आरोपों के बीच प्रभारी ने नाराजगी जताई थी और लौट गए थे।

चंदा चोरी और प्रश्नपत्र लीक मामले को आंदोलन का रूप नहीं दे पाई प्रदेश कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी की नाराजगी इस बात को लेकर भी रही कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश और प्राथमिकता के बावजूद राम मंदिर में चंदा चोरी के मुद्दे और प्रश्नपत्र लीक मामले को यहां के कांग्रेसी आंदोलन का रूप नहीं दे पाए।

दोनों मुद्दों पर केंद्रीय नेतृत्व लगातार प्रदर्शन का पक्षधर है वहीं प्रदेश में इसको लेकर गतिविधियां शून्य की ओर जा रही हैं। इन्हीं बातों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी नाराज हैं।

कल चार दिवसीय दौर पर रांची पहुंचेंगे राजू

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य और झारखंड प्रभारी के.राजू कल 20 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक चार दिनों के लिए झारखंड के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस पार्टी की स्पेशल इंटेंसिव रिविजन प्रक्रिया और सांगठनिक मजबूती को लेकर कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे।

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 20 जुलाई दौरे के पहले दिन के. राजू सुबह सुबह 11:10 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे सीधे स्टेट गेस्ट हाउस जाएंगे, जहां वे अगले चार दिन रुकेंगे।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि 20 जुलाई को सुबह 11:30 बजे राजू प्रदेश कमेटी के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के साथ बैठक करेंगे, जिसमें एसआइआर प्रक्रिया को जनता तक पहुंचाने पर चर्चा होगी।

इसी दिन एक बजे वे विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार समीक्षा करेंगे। तीन बजे वे पार्टी विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ धुर्वा स्थित निर्वाचन सदन जाएंगे। वहां मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सीईओ से मिलकर एसआइआर से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपेंगे।

समय पर जवाब नहीं देने पर राधा कृष्ण किशोर ने जताई नाराजगी, लिखा पत्र

वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर की सरकार से नाराजगी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर अधिकारियों के स्तर से जवाब नहीं देने की प्रवृत्ति पर नाराजगी व्यक्त की है।

संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य के सभी सरकारी अधिकारियों को लेकर लिखे पत्र में कहा है कि सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के पत्रों और सुझावों का जवाब देने में अधिकारी लगातार लापरवाही बरत रहे हैं।

उन्होंने गुरुवार को लिखे पत्र में कहा है कि पूर्व में 18 जनवरी 2021 और 28 जून 2021 को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद, सरकारी अधिकारी कई बार जनप्रतिनिधियों की सूचनाओं का समय पर पालन नहीं करते हैं।

वित्त मंत्री 'परिपत्र संग्रह पुस्तिका' का भी हवाला दिया है। ज्ञात हो कि पिछले दिनों मंत्री ने अपनी सुरक्षा को बढ़ाने के विषय पर राज्य के वरीय अधिकारियों से संवाद किया था।

मंत्री ने स्पष्ट लिखा है कि प्रमुख सचिवों के लगातार लिखने के बावजूद, कई अधिकारी फोन पर जनप्रतिनिधियों को सही ढंग से जवाब नहीं देते हैं। मंत्री ने अपने पत्र में लिखा है कि राज्य में व्यवस्था की जड़ें खतरे में हैं। पत्र की प्रति झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष को भी भेजी गई है।