वृंदावन में बहुत भारी भीड़ से हालात खराब; सैलाब की तरह उमड़ पड़े हैं लोग, बांके बिहारी मंदिर के सेवादार ने कहा- लोगों ने मेरी बात नहीं मानी
Vrindavan Massive Devotees Crowd on New Year 2026 Sevadar Alerts People
Vrindavan Massive Crowd: अगर आप भी नए साल की शुरुवात में वृंदावन जा रहे हैं या जाने की सोच रहे हैं तो जरा रुक जाइए। आपको हमारी यही सलाह है कि आप कुछ दिनों के बाद वृंदावन जाकर दर्शन कीजिए। क्योंकि इस समय वृंदावन में बहुत भारी भीड़ से हालात खराब हो रहे हैं। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। वृंदावन के रास्तों में और बांके बिहारी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों की गलियों में लोगों का सैलाब उमड़ा हुआ है। निकलने में धक्का-मुक्की हो रही है। कुछ लोग दब भी जा रहे हैं और लोग चीख-चिल्ला रहे हैं। इस बीच पुलिस जवानों की तैनाती तो है लेकिन भीड़ के बीच स्थिति कितनी संभाली जा सकती है। ये आप भी जानते हैं।
सिर ही सिर नजर आ रहे
वृंदावन में लाखों की भीड़ सैलाब की तरह आगे बढ़ रही है। हुजूम ऐसा है कि देखकर दिमाग हिल जाये। भीड़ का आलम ये है कि देखने पर बस सिर ही सिर नजर आ रहे हैं। वहीं इतनी भारी भीड़ बढ़ने से लोगों के लिए दर्शन भी मुश्किल हो रहे हैं। इसके साथ ही ठंड के इस मौसम में लोगों को ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था से भी दो चार होना पड़ रहा है। भीड़ बढ़ने से गेस्ट हाउस, होटल और आश्रम सब फुल चल रहे हैं। मसलन वृंदावन भरा पड़ा है। लोगों के वाहनों को भी वृंदावन क्षेत्र से बाहर रोका जा रहा है। इसके साथ ही भारी वाहनों पर पूरी तरह से पाबंदी है।
सेवादार ने कहा- लोगों ने मेरी बात नहीं मानी
बांके बिहारी मंदिर के एक गोस्वामी सेवादार ने कहा कि मैंने सोशल मीडिया पर पहले से ही लोगों को आगाह किया था कि इस समय वृन्दावन में बहुत भीड़ है। पैर रखने की जगह नहीं मिल पा रही है, वृंदावन भरा पड़ा है। रास्ते में लोगों को चलने में दिक्कत हो रही है। गेस्ट हाउस और आश्रम सब फुल चल रहे हैं, मंदिर आने वाले सारे रास्ते चोक हैं, बहुत सारी समस्याएं हैं, जिन्हें बयां भी नहीं किया जा सकता। यहां तक की दुकानों में पानी की बोतलें भी खत्म हो गईं हैं। हालात नियंत्रण से बाहर हो रहे हैं। इसलिए वह अभी वृन्दावन आने से परहेज करें।
सेवादार ने कहा कि पहले से ही यह संभावना जताई जा रही थी कि नए साल पर 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक वृंदावन में बहुत भारी भीड़ रहेगी। इसलिए मैंने लोगों को कहा था कि वह अभी वृन्दावन न आयें। लेकिन लोगों ने मेरी बात सीरियसली नहीं ली। उन्हें सोचना चाहिए कि वृन्दावन एक लिमिटेड एरिया हैं और यहां सीमित साधन और संसाधन हैं। गेस्टहाउस, आश्रम, धर्मशालाएं जो भी सुविधाएं हैं ओवर क्राउड की वजह से सब भरे हुए हैं। खाने-पीने की भी असविधा हो रही है। लोगों को बाद में आना चाहिए।
बिहारी जी महाराज यहीं है, कहीं नहीं जा रहे
सेवादार ने लोगों से फिर से अपील की है कि वे 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक कोशिश करें कि वृन्दावन न आयें। सेवादार ने कहा कि बिहारी जी महाराज यहीं है, कहीं नहीं जा रहे हैं। 2026 का पूरा साल पड़ा है, रुककर आराम से आ जाना। कभी भी आइये। लेकिन इस समय आन उचित नहीं हैं। वहीं सेवादार ने कहा कि अगर आ भी रहे हैं तो यहां बच्चों और बुजुर्गों और बीमार लोगों को लेकर न कतई आयें। उन्हें कष्ट हो सकता है। गुजारिश है कि कम से कम संख्या में आयें।
दरअसल नए साल के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग बाहर घूमने और धार्मिक स्थलों पर जाते हैं। जहां ऐसे में नए साल की शुरुवात में बांके बिहारी मंदिर सहित वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद पहले से ही जताई गई थी। हाल ही में मथुरा पुलिस ने कहा था कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने भीड़ संभालने और सुचारुता बनाए रखने के लिए ट्रैफिक व्यवस्था का प्लान भी तैयार कर लिया है।