उत्तर प्रदेश में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी
Income Tax Department raids premises of BSP
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बसपा के इकलौते विधायक के उमाशंकर सिंह के आवास और प्रतिष्ठानों पर बुधवार को इनकम टैक्स विभाग की टीमों ने छापा मारा। कैंसर से पीड़ित उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा से लगातार तीसरी बार विधायक हैं।
लखनऊ में तीन दर्जन से ज्यादा अधिकारियों और पुलिस फोर्स के साथ इनकम टैक्स की टीमों ने गोमती नगर में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर छापा मारा है। आवास और कार्यालय पर इनकम टैक्स विभाग की बड़ी छापेमारी में 50 से अधिक अधिकारियों की टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी हैं।
आयकर विभाग ने यह छापेमारी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित आवास के साथ-साथ बलिया समेत अन्य स्थानों पर भी की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब सात बजे तीन गाड़ियों से आयकर टीम उनके घर पहुंची और दस्तावेजों व रिकार्ड की जांच शुरू कर दी। इस दौरान घर में आने-जाने पर रोक लगा दी गई। टीम ने कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में भी लिए हैं।
उमाशंकर सिंह बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से 2022 में बसपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वह गंभीर रूप से कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित आवास पर रहकर इलाज करा रहे हैं। पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है।
पिछले वर्ष विजिलेंस विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों में जांच शुरू की थी। हालांकि, आयकर विभाग की इस ताजा कार्रवाई का उस जांच से कोई संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
बलिया में भी छापेमारी
उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग के अफसर बुधवार सुबह कई गाड़ियों से पहुंचे। बलिया पुलिस भी साथ है। टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। आने-जाने पर रोक लगा दी है। अफसर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बसपा विधायक के बलिया स्थित प्लांट के अंदर भी ईडी व पुलिस पहुंची हैं, हालांकि बाहर से गेट बंद कर दिया गया है। किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा।