अजमेर में आयकर विभाग ने पकड़ा 15 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला
Income Tax Department detected tax evasion case
अजमेर: Income Tax Department detected tax evasion case, आयकर विभाग ने अजमेर के एक मशहूर रेस्टोरेंट में सर्वे कार्रवाई करते हुए बड़ी टैक्स चोरी का मामला पकड़ा है. जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग की टीम ने मैंगो मसाला रेस्टोरेंट में जांच की, जहां बिलिंग सिस्टम में गड़बड़ियों के जरिए आय छुपाने की आशंका जताई जा रही है.
जांच में सामने आया कि ‘पेट पूजा’ ऐप के जरिए बिलों में हेरफेर कर वास्तविक टर्नओवर को कम दिखाया जा रहा था. आयकर विभाग को शक है कि रेस्टोरेंट प्रबंधन ने करीब 15 करोड़ रुपये के टर्नओवर को छिपाने की कोशिश की है.
सूत्रों के अनुसार, इस ऐप की मदद से कुछ बिल सिस्टम में दर्ज नहीं किए जाते थे या फिर कम राशि दिखाकर टैक्स देनदारी घटाई जाती थी. इसी आधार पर आयकर विभाग ने दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच शुरू की है.
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग इससे पहले उदयपुर, कोटा और जयपुर के कई रेस्टोरेंट्स में भी इसी तरह की जांच और कार्रवाई कर चुका है. प्रदेशभर में कई रेस्टोरेंट और बार इस तरह के ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिस पर विभाग की विशेष नजर बनी हुई है.
गौरतलब है कि अजमेर में इससे पहले जीएसटी विभाग भी कुछ रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई कर चुका है और उनके दस्तावेजों की जांच की गई थी. अब आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद रेस्टोरेंट कारोबार में हड़कंप मचा हुआ है.