चंबा में NHAI टीम की मानवता: जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग और वेंटिलेटर की जरूरत वाले 7 माह के बच्चे को पहुंचाया अस्पताल

1000268764

NHAI team's act of humanity in Chamba

चंबा। NHAI team's act of humanity in Chamba, चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वीरवार को भारी बारिश और भूस्खलन के खौफनाक मंजर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मिसाल पेश की है। टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक बुजुर्ग और गंभीर रूप से बीमार सात माह के शिशु की समय पर जान बचाई।

तड़के करीब तीन बजे दुनाली के पास भूस्खलन होने से मार्ग पूरी तरह ठप हो गया था। इसके अलावा भी मार्ग में करीब 12 से 13 स्थानों पर मलबा गिरा हुआ था। इसी बीच भरमौर अस्पताल से एक बुजुर्ग मरीज एंबुलेंस के माध्यम से वहां पहुंचा। लेकिन, दुर्गेठी में मार्ग बंद होने के कारण वह वहां पर फंस गया।

ऐसे में एनएचएआई की टीम ने बुजुर्ग को अपनी जान जोखिम में डालते हुए अपने पेट्रोलिंग वाहन तक पहुंचाया। एनएचएआई की टीम मशीनरी के साथ रास्ता साफ करते हुए आगे बढ़ी और पेट्रोलिंग वाहन के जरिए बुजुर्ग को सुरक्षित बग्गा तक पहुंचाया, जहां से उन्हें एंबुलेंस से मेडिकल कालेज एवं अस्पताल चंबा भेजा गया।

दूसरा संवेदनशील मामला शाम चार बजे दुर्गेठी के समीप आया। भरमौर की तरफ से आ रही एक एंबुलेंस में सात माह का मासूम शिशु था, जिसे वेंटिलेटर की सख्त दरकार थी। मार्ग बंद होने के कारण एनएचएआई की टीम ने शिशु को पैदल ही मलबा पत्थर पार कराया।

इसके बाद एक पेट्रोलिंग वाहन से बत्ती की हट्टी पहुंचाया। वहां भी रास्ता बंद होने पर शिशु को सुरक्षित दूसरी तरफ ले जाकर दूसरे पेट्रोलिंग वाहन के जरिए बग्गा तक पहुंचाया गया, जहां से उसे तुरंत मेडिकल कालेज चंबा भेजा गया।

साइट विजिट के दौरान वाहन पर गिरा भारी पत्थर

तीसरी घटना चंबा-पठानकोट एनएच पर परेल घार में घटी। साइट विजिट के दौरान एनएचएआई अधिकारियों के वाहन पर एक भारी-भरकम पत्थर आ गिरा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि साइट इंचार्ज साहिल ठाकुर, सुपरवाइजर सन्नी कुमार, फौजा सिंह व रविंद्र कुमार जांच के लिए गाड़ी से नीचे उतरे ही थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यही टीम दुर्गेठी में मरीजों की मदद में भी डटी रही।

हमारी प्राथमिकता मार्ग को सुचारू रखने के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों की जान बचाना है। बारिश और भूस्खलन के बीच टीम ने मुस्तैदी से काम करते हुए बुजुर्ग और सात माह के शिशु को समय पर अस्पताल पहुंचाया। परेल घार में बड़ा हादसा टला है, लेकिन टीम का हौसला बुलंद है और हम जनता की सेवा में तत्पर हैं। -साहिल ठाकुर, साइट इंचार्ज एनएचएआई।