हिमाचल नगर निगम चुनाव: कांग्रेस ने प्रचार में तेज़ी, CM सुक्खू ने पालमपुर में भरी हुंकार
Himachal Municipal Corporation Elections
शिमला। Himachal Municipal Corporation Elections, हिमाचल के चार नगर निगम में हो रहे चुनाव के लिए प्रचार अभियान अंतिम चरण में पहुंच गया है। सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे इन चुनावों में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रचार को धार दे दी है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सहित पूरा मंत्रिमंडल चुनाव प्रचार में डट गया है। मंत्रियों के पास नगर निगम का दायित्व है तो कांग्रेस विधायकों की वार्डवार ड्यूटियां लगाई गई हैं। पार्टी की ओर से सौंपी जिम्मेदारियों के तहत विधायकों ने भी वार्ड स्तर पर बैठकें कर रहे हैं।
सुक्खू ने पालमपुर में भरी हुंकार
सुक्खू मंडी के बाद प्रचार के लिए पालमपुर पहुंच गए हैं। वह धर्मशाला व सोलन में भी चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल भी पिछले तीन दिनों से हिमाचल दौरे पर है। वह सभी नगर निगमों में चुनाव प्रचार करने के साथ पार्टी पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रही है।
चारों नगर निगम में सभाएं
कांग्रेस ने चार नगर निगमों के साथ नगर निकायों के चुनावों में अपना चुनाव प्रचार तेज करते हुए मंडी, पालमपुर, धर्मशाला व सोलन में नुक्कड़ सभाओं का आयोजन कर पार्टी प्रत्यशियों के पक्ष में वोट की अपील की।
पालमपुर के बाद कल सोलन जाएंगे मुख्यमंत्री
हिमाचल कांग्रेस कमेटी के महासचिव विनोद जिंटा ने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने वीरवार को पालमपुर में नुक्कड़ सभाओं व रोड़ शो में मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में वोट की अपील की। शुक्रवार को प्रचार के अंतिम दिन धर्मशाला के बाद मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सोलन के गंज बाजार में अंतिम चुनावी रैली को सम्बोधित करेंगे।