मिशन-2027 की तैयारी में जुटी हिमाचल कांग्रेस, जुलाई में शिमला आएंगे केसी वेणुगोपाल
Himachal Congress gears up for Mission 2027
शिमला। Himachal Congress gears up for Mission 2027, मिशन-2027 के लिए कांग्रेस पार्टी अभी से तैयारियों में जुट गई है। पार्टी को जमीनी स्तर पर चुस्त दुरुस्त करने के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जनरल हाउस को संबोधित करने शिमला आएंगे। जनरल हाउस जुलाई में प्रस्तावित है। केसी वेणुगोपाल इससे पहले संगठन सृजन अभियान के तहत कांगड़ा में हुए जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने भी आए थे।
विनय कुमार ने दिल्ली में की बैठक
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने दिल्ली में उनके साथ बैठक की और इस पर चर्चा की। जनरल हाउस से पहले पार्टी में प्रवक्ता व कुछ अन्य पदों पर भी तैनाती होनी है। इसके अलावा जिला व ब्लाक स्तर पर भी पृष्ट प्रभारी तक नियुक्तियां की जानी प्रस्तावित हैं। बताया जा रहा है कि हाईकमान के साथ इसको लेकर विचार विमर्श हो चुका है।
कामकाज की समीक्षा भी होगी
कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सहित पदाधिकारी बनाए हैं उनके कामकाज की समीक्षा भी की जाएगी। परफार्मेंस के आधार पर कार्रवाई भी की जा सकती है।
खरगे से मिले विनय, संगठनात्मक मसलों पर चर्चा
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बुधवार को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने पार्टी हाइकमान को प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रेस के माध्यम से प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
लोगों को जागरूक करने के लिए प्रदेश कांग्रेस नेताओं को जिलावार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी गई है। प्रदेश के सभी जिलों में इसको लेकर जागरूकता अभियान भी शुरू किया गया है। प्रेस के माध्यम से, सभाओं के द्वारा इस कार्य को अंजाम दिया जा रहा है।