हरियाणा में भारी बारिश का अलर्ट जारी, खराब मौसम के कारण रद्द हुआ सीएम का प्रोग्राम
- By Gaurav --
- Sunday, 24 Aug, 2025

Heavy rain alert issued in Haryana
Heavy rain alert issued in Haryana: हरियाणा में मौसम की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का रविवार का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया। वे सोनीपत के IMT खरखौदा में 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में एक पेड़ मां के नाम अभियान में मुख्यातिथि के रूप में शामिल होने वाले थे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में येलो अलर्ट है।
मौसम केंद्र ने सुबह 6 बजे फ्लैश अलर्ट जारी किया। इसके अनुसार अगले 3 घंटे में महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी और रेवाड़ी में तेज बारिश की संभावना है। प्रदेश में 26 अगस्त तक तेज बारिश का अनुमान है। 27 अगस्त से बारिश कम होने की संभावना है।
हिसार कृषि विश्वविद्यालय के डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, मानसून टर्फ मध्य भारत से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। मानसून की अक्षय रेखा श्री गंगानगर से पश्चिमी बंगाल तक बनी है। पंजाब पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन और अरब सागर से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण राज्य में मानसून सक्रिय होगा।
24 से 26 अगस्त के बीच राज्य के अधिकतर हिस्सों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। 27 से 29 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतर क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और तापमान में गिरावट आएगी।