पंचकूला में स्कूल बस हुई बेकाबू, VIDEO; घरों के बाहर खड़ी कई गाड़ियों को मारी टक्कर, अंदर मौजूद थे स्टूडेंट्स, हादसे से घबराए

Panchkula School Bus Hit Vehicles Accident Sector 26 Video

Panchkula School Bus Hit Vehicles Accident Sector 26 Video

Panchkula School Bus Accident: पंचकूला के सेक्टर-26 रिहायश इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हडकंप मच गया. जब यहां एक निजी स्कूल की बस अचानक बेकाबू होकर घरों के बाहर खड़ी कई गाड़ियों से टकरा गई. वहीं टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई. हादसे के समय करीब 20-25 स्टूडेंट्स बस के अंदर मौजूद थे. गनीमत रही कि किसी भी स्टूडेंट को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बताये जा रहे हैं. हालांकि हादसे को लेकर बस में अन्दर बैठे स्टूडेंट्स घबराये हुए जरुर दिखे.

चार से पांच गाड़ियों से टक्कर, लोग भड़के

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल बस की टक्कर से चार से पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं. हादसे के बाद मौके से वीडियो सामने आया है. जिसमें देखा जा रहा है कि हादसे के बाद घरों से बाहर निकले स्थानीय लोग बस चालक को नीचे उतारने की कोशिश कर रहे हैं और वह भड़के हुए हैं. बस चालक और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही. लोगों ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। इस बीच स्थिति को बिगड़ता देख कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर माहौल शांत कराने का प्रयास भी किया, लेकिन उन गाड़ियों के मालिक काफी ज्यादा नाराज दिखाई दिए. जिनका नुकसान हुआ है.

हादसे की जांच की जा रही

इस हादसे के बाद इसकी सूचना स्कूल प्रबंधन और पुलिस को भी दी गई. जिसके बाद हादसे की जाँच की जा रही है. शुरुवाती जांच में यह हादसा बस के अनियंत्रित होने के चलते ही माना जा रहा है. फिलहाल सबसे बड़ी गनीमत की बात है कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हालांकि, गाड़ियों को काफी नुकसान जरुर पहुंचा है. बता दें कि इससे पहले भी पंचकूला में स्कूल बसें हादसे का शिकार हुई हैं.