पीएम मोदी 17 जुलाई को करेंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन, जींद में जनसभा को भी करेंगे संबोधित
PM Modi to inaugurate the country's first hydrogen train
जींद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। वहीं, जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जींद आएंगे। वे अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। रैली स्थल और रेलवे जंक्शन का भी दौरा करेंगे।
मंगलवार को प्रेस कान्फ्रेंस करते हुए विधानसभा डिप्टी स्पीकर डाक्टर कृष्ण मिढ़ा ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा विशेषकर जींद जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और हाइड्रोजन गैस प्लांट का शुभारंभ करेंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री भिवानी व नारनौल मेडिकल कालेज का लोकार्पण, कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का शिलान्यास, अंबाला-कालाआंब ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे की आधारशिला, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के हरियाणा हिस्से का उद्घाटन, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352 डी) व हांसी-बरवाला राष्ट्रीय राजमार्ग का लोकार्पण भी करेंगे।
तैयारियों की समीक्षा करेंगे
इसके अलावा कुरुक्षेत्र के उमरी गांव में ऐतिहासिक एवं भव्य सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी। बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी जींद आकर आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक करके तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस मौके पर भाजपा के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल, हरियाणा सफाई आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टांक, मीडिया कोआर्डिनेटर अशोक छाबड़ा भी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में बनेगा हेलीपैड
डिप्टी स्पीकर ने बताया कि पुलिस लाइन में हेलीपैड बनाया गया है। जहां से प्रधानमंत्री रेलवे जंक्शन पर जाकर हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर सोनीपत के लिए रवाना करेंगे। नए बस स्टैंड के सामने जनसभा होगी। इसमें काफी संख्या में लोग ई-स्कूटी, साइकिल से व पैदल रैली में पहुंचेंगे।
पेट्रोल व डीजल की खपत कम हो, इसके लिए लोगों से कम से कम वाहन जनसभा में आने के लिए प्रयोग करने का आह्वान किया गया है।