राम रहीम फिर जेल से बाहर; अब 40 दिन की पैरोल, बीते अप्रैल में ही 21 दिन की फरलो दी, विरोध में लोग बोले- जेल में रखा ही क्यों है

Ram Rahim Gets 40 Days Parole And Out From Jail To Sirsa Dera
Ram Rahim Parole News: डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) फिर एक बार जेल से बाहर आ गया है। अब रहीम रहीम को 40 दिन की पैरोल दी गई है। पैरोल मिलने पर राम रहीम मंगलवार सुबह पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच सुनारिया जेल से अपने सिरसा डेरे के लिए रवाना हो गया। वह पैरोल के दिनों में इसी डेरे में रहने वाला है। इसी डेरे में राम रहीम 15 अगस्त को अपना बर्थडे भी मनाएगा।
इधर राम रहीम के जेल से बाहर आने और सिरसा डेरे में रुकने (Ram Rahim Parole 2025) से समर्थकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, हालांकि राम रहीम ने अपने अनुयायियों से अपील की है कि वे डेरे (Sirsa Dera) पर भीड़ न लगाएं। बता दें कि, इससे पहले जब 9 अप्रैल 2025 को राम रहीम 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया था। तब भी वह (Gurmeet Ram Rahim) जेल से निकलने के बाद सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था।
वहीं दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जब जनवरी 2025 में राम रहीम को 30 दिन की पैरोल मिली थी। तब इस दौरान भी वह सिरसा डेरे में ही जाकर रहा था। जबकि इससे पहले वह जेल से बाहर आने पर उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बरनावा आश्रम के लिए जाता रहा है और यहीं जेल से आजादी के अपने दिन काटे हैं। फिलहाल अब यह तीसरा मौका होगा जब जेल से बाहर आन के बाद राम रहीम सिरसा स्थित अपने डेरे में रुक रहा है।
14वीं बार जेल से बाहर आया राम रहीम
राम रहीम को कहीं फरलो तो कहीं पैरोल मिलती ही जा रही है। अब वह 14वीं बार जेल से बाहर आया है। जिसके चलते एक बार फिर से राम रहीम को जेल से बाहर निकालने पर विरोध देखा जा रहा है। लोग राम रहीम को जेल से बाहर करने पर हरियाणा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि, हरियाणा सरकार आखिर राम रहीम पर इतनी मेहरबान क्यों हो रही है कि बार-बार उसे जेल से बाहर आने की छूट दी जा रही है। ऐसा लगता है जैसे राम रहीम के लिए जेल मनोरंजन हो गई हो।
लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि, अगर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर ही निकालना है तो फिर जेल में रखा ही क्यों है? राम रहीम को लेकर सरकार का यह रवैया संदेह पैदा करता है। लोग राम रहीम का जेल से बाहर आना चुनावी फायदे से भी जोड़ते हैं। वहीं दूसरी तरफ गुरमीत राम रहीम को जेल से बाहर निकालने के फैसले का शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की तरफ से भी विरोध किया जा चुका है। SGPC ने हाईकोर्ट में याचिका लगाकर राम रहीम को बार-बार जेल से बाहर लाने का विरोध जताया था।
कब-कब जेल से बाहर आया राम रहीम?
डेरा चीफ राम रहीम 2017 से रोहतक सुनारिया जेल में बंद है। राम रहीम को सबसे पहले 24 अक्टूबर 2020 में एक दिन की पैरोल मिली और फिर 21 मई 2021 में 48 घंटे की पैरोल मिली। इसके बाद 7 फरवरी 2022 में राम रहीम को पहली बार 21 दिन की फरलो पर जेल से बाहर किया गया। इसके बाद 17 जून 2022 में 30 दिन की पैरोल, 14 अक्टूबर 2022 में 40 दिन की पैरोल, 21 जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल, 30 जुलाई 2023 में 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया।
इसी प्रकार 21 नवंबर 2023 में 21 दिन की फरलो, 19 जनवरी 2024 में 50 दिन की पैरोल और अब 13 अगस्त 2024 में 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया। वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 2 अक्टूबर 2024 को राम रहीम को 20 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले 28 जनवरी 2025 को 30 दिन की पैरोल मिली। इसके बाद 9 अप्रैल 2025 को 21 दिन की फरलो पर राम रहीम जेल से बाहर आया और आज 5 अगस्त को 40 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर है।
रणजीत सिंह मर्डर केस में राम रहीम बरी
ज्ञात रहे कि, 28 मई 2024 को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख (Dera Sacha Sauda Chief) गुरमीत राम रहीम को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ी राहत दी थी। हाईकोर्ट ने चर्चित रणजीत सिंह मर्डर केस में सीबीआई कोर्ट का फैसला पलटते हुए दोषी राम रहीम को बरी कर दिया था। राम रहीम के साथ-साथ इस केस में दोषी 4 और लोगों को भी बरी कर दिया गया था। राम रहीम ने उम्रकैद की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की थी।
ज्ञात रहे कि रणजीत सिंह मर्डर केस में पंचकूला की विशेष सीबीआई कोर्ट ने 8 अक्टूबर 2021 को राम रहीम (Dera Sacha Sauda Chief) सहित 5 लोगों को आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के तहत दोषी करार दिया था। इसके बाद 12 अक्टूबर 2021 को सभी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
दो मामलों में अभी जेल में रहेगा राम रहीम
रणजीत सिंह मर्डर केस में बरी होने के बाद भी राम रहीम पत्रकार हत्याकांड और साध्वियों से रेप केस में जेल में रहेगा। बतादें कि, राम रहीम को एक नहीं तीन-तीन मामलों में सजा मिली हुई थी। सबसे पहले 2017 में राम रहीम (Gurmeet Ram Rahim) को साध्वियों से यौन शोषण मामले में राम रहीम को 20 साल की सजा सुनाई गई।
इसके बाद पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में राम रहीम को उम्रकैद की सजा सुनाई गई और इसके बाद रणजीत सिंह हत्याकांड में फैसला आया। तीनों ही मामलोँ में पंचकूला सीबीआई की विशेष अदालत ने फैसला सुनाया। राम रहीम (Dera Sacha Sauda Chief) रोहतक जिले की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है।